नई दिल्ली

गे डेटिंग ऐप के जरिए युवकों को फंसाते थे बदमाश, सुनसान जगह पर बुलाकर लूटपाट… तीन गिरफ्तार

Noida Dating App Scam: नोएडा सेक्टर-113 पुलिस ने डेटिंग ऐप के जरिए लोगों को फंसाकर लूट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सरगना समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गैंग अब तक 60 से ज्यादा वारदातों को अंजाम दे चुका था और आरोपियों के पास से कार, नकदी व गहने बरामद हुए हैं।
2 min read
Three arrested Delhi luring young men through gay dating apps
गिरफ्तार हुए तीन आरोपी

Noida Dating App Scam: दिल्ली-एनसीआर में डेटिंग ऐप्स के जरिए मासूम लोगों को जाल में फंसाकर लूटने वाले एक शातिर गिरोह का नोएडा सेक्टर-113 थाने की पुलिस ने पर्दाफाश किया है। सोमवार को पुलिस ने गिरोह के सरगना समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। एडिशनल डीसीपी मनीषा सिंह के मुताबिक, यह गैंग अब तक 60 से अधिक वारदातों को अंजाम दे चुका है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से बिना नंबर प्लेट की कार, लूट की नकदी और गहने बरामद हुए हैं।

पुलिस के जांच में पता चला कि मुख्य आरोपी शिवम झा, सागर ठाकुर और कमल ऑनलाइन डेटिंग ऐप ‘ग्राइंडर’ का इस्तेमाल कर वारदात को अंजाम देते थे। गिरोह बेहद सुनियोजित तरीके से काम करता था। ये लोग ऐप पर आकर्षक फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों से दोस्ती करते, फिर भरोसा जीतने के बाद पीड़ित को सेक्टर-76 जैसे सुनसान स्थान पर मिलने के लिए बुलाते। जैसे ही पीड़ित वहां पहुंचता, आरोपी उसे डरा-धमकाकर जबरन अपनी कार में बैठा लेते और चलती कार में मारपीट कर उससे ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करवाते, साथ ही मोबाइल और सोने की चेन जैसे कीमती सामान भी लूट लेते थे।

इंजीनियर से लूटे 1 लाख, शराब और मोबाइल पर उड़ाए पैसे

हालिया मामला सेक्टर-76 का है, जहां आरोपियों ने एक इंजीनियर को अपना शिकार बनाया। आरोपियों ने पीड़ित के साथ मारपीट की और उससे 1 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। लूटे गए पैसों से आरोपियों ने 55 हजार रुपये का नया मोबाइल खरीदा और करीब 13 हजार रुपये शराब पर खर्च कर दिए। पुलिस ने आरोपियों के पास से 30 हजार रुपये नकद और पीड़ित की सोने की चेन बरामद कर ली है।

3 साल से सक्रिय था गैंग, सरगना पर 8 केस दर्ज

पकड़ा गया मुख्य आरोपी शिवम झा दरभंगा (बिहार) का रहने वाला है और नोएडा के होशियारपुर में किराये पर रहता था। उस पर पहले से ही 8 आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह जेल भी जा चुका है। गिरोह के अन्य सदस्य सागर (दरभंगा) और कमल (अल्मोड़ा, उत्तराखंड) नोएडा में ही मिले और पिछले तीन सालों से वारदातों को अंजाम दे रहे थे। वारदात के लिए शिवम ने डेढ़ महीने पहले ही एक कार खरीदी थी, जिसकी नंबर प्लेट हटाकर वे लूटपाट करते थे।

सावधानी बरतने की सलाह

नोएडा पुलिस ने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। डेटिंग ऐप्स के जरिए अनजान लोगों से मिलते समय सार्वजनिक स्थानों का चुनाव करें और अपनी सुरक्षा को लेकर सजग रहें। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस गैंग में और कौन-कौन शामिल है और इनके शिकार बने अन्य लोग कौन हैं।

Updated on:
31 Mar 2026 11:30 am
Published on:
31 Mar 2026 11:29 am
Also Read
View All
दिल्ली लक्ष्मी योजना लॉन्च, महिलाओं के खाते में हर महीने आएंगे 2,500 रूपये, 9 लाख से ज्यादा ने कराया रजिस्ट्रेशन

चीन-पाकिस्तान की बढ़ेगी टेंशन? भारतीय प्राइवेट कंपनियां बनाएंगी 1,500 किमी तक स्ट्राइक रेंज की मिसाइलें

Modi Cabinet Reshuffle: मोदी मंत्रिमंडल विस्तार में बीजेपी के लिए मौके कम, आधी खाली सीटों पर दूसरी पार्टियों का दावा!

सोनम वांगचुक से अलग हुए CJP के रास्ते? ‘इस्तेमाल और साइडलाइन’ की अटकलों पर अभिजीत दीपके का बड़ा बयान

Delhi Race Club: पटियाला हाउस कोर्ट का बड़ा फैसला, दिल्ली रेस क्लब की याचिका खारिज; लुटियंस दिल्ली परिसर खाली करने का आदेश बरकरार