नई दिल्ली

महाराष्ट्र: उद्धव सरकार को पूरे हुए 2 साल, सीएम बोले-एमवीए सरकार ने आपदा को अवसर में बदला

शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस के गठबंधन वाली महाराष्ट्र सरकार को दो साल पूरे हो गए हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि हमने आपदा को अवसर में बदला है।

2 min read
Nov 28, 2021
uddhav Thackeray says mva gov converted disaster into opportunity

नई दिल्ली। शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस के गठबंधन वाली महाराष्ट्र सरकार को दो साल पूरे हो गए हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार के 2 साल के कार्यकाल का ज्यादातर हिस्सा कोविड-19 के प्रबंधन में बीता है। बावजूद इसके महा विकास आघाड़ी (एमवीए) की सरकार इस आपदा को अवसर में बदलने में कामयाब रही।

इस दौरान सीएम ठाकरे ने राज्य के लोगों से मिले समर्थन के लिए उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह जनता की सरकार है। सीएम ने कहा कि मानव निर्मित और प्राकृतिक आपदाओं के दौरान हम घबराए नहीं और हमारा ध्यान आम आदमी के कल्याण पर रहा। हमारी सरकार के 2 साल के कार्यकाल का ज्यादा हिस्सा कोरोना प्रबंधन में ही बीता है, हम इस संकट को अवसर में बदलने में सफल हुए हैं।

सीएम उद्धव ठाकरे ने दावा किया कि 2 साल पहले की स्वास्थ्य, चिकित्सा सुविधाओं और अवसंरचनाओं में और अब बहुत बड़ा अंतर देखने को मिलता है। वैश्विक कोरोना महामारी से निपटते वक्त हमारी सरकार और प्रशासन में कोई नकारात्मकता नहीं थी। हमने औद्योगिक निवेश, कृषि आधारभूत संरचना, आवास, रोजगार, जलापूर्ति, सौर ऊर्जा, पर्यावरण, वन और पर्यटन क्षेत्र में सुधार के लिए कड़ी मेहनत की है।

सीएम ने बताया कि हमने जनहित को सबसे पहले रखा है। इसके चलते ही राज्य के अन्नदाताओं का 20 हजार करोड़ रुपए का कर्ज हमारी सरकार ने माफ किया है। महात्मा ज्योतिराव फुले कृषि ऋण माफी योजना के तहत हमने इसे अंजाम दिया है, जिससे आज महाराष्ट्र के किसानों के चेहरों पर खुशी है।

इस दौरान सीएम ने बीजेपी पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बीते दो साल विपक्ष दिशाहीन रहा। इस दौरान सरकार को अस्थिर करने का काफी प्रयास किया गया, लेकिन वे कामयाब नहीं हो सके। अब भाजपा फर्जी दावे और तारीखों की घोषणा कर रही है। यह सिर्फ लोगों को भटकाने का प्रयास है।

Updated on:
28 Nov 2021 10:04 pm
Published on:
28 Nov 2021 08:24 pm
Also Read
View All