अलीगढ़ से मयंक पाठक को सहारनपुर एसपी देहात के पद पर भेजा गया है। ट्रांसफर के बाद भी अभी एसपी देहात सागर जैन को रिलीज नहीं किया जा रहा है।
UP News सहारनपुर में एसपी देहात के पद पर लंबी पारी खेलने वाले सागर जैन का ट्रांसफर हो गया है। उन्हें एक तरह से प्रमोशन मिला है। अब वह प्रयागराज में पुलिस उपायुक्त की कुर्सी संभालेंगे।
सहारनपुर एसपी देहात के पद पर अब मयंक पाठक को भेजा गया है। यानी सहारनपुर के नए एसपी देहात मयंक पाठक होंगे।सागर जैन पिछले करीब तीन वर्षों से सहारनपुर में अपनी सेवाएं दे रहे थे। इस अवधि में उन्होंने जनता के बीच अपनी अच्छी गुडविल भी बनाई है। अब तबादला सूची जारी हुई तो उनका ट्रांसफर सहारनपुर से प्रयागराज कर दिया गया। पिछले करीब छह महीने से सहारनपुर एसपी देहात के तबादले के कयास लगाए जा रहे थे। यह कहा जा रहा था कि किसी भी दिन ट्रांसफर हो सकता है। अब प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के सहारनपुर में कार्यक्रम से ठीक से पहले ट्रांसफर सूची जारी कर दी गई।
अलीगढ़ में तैनात सहायक पुलिस अधीक्षक मयंक पाठक को सहारनपुर एसपी देहात की कमान सौपी गई है। पिछले छह महीने में सहारनपुर एसपी देहात क्षेत्र में कई वारदात हुई हैं। ऐसे में मयंक पाठक के लिए यह कुर्सी बहुत आसान नहीं होगी। पुराने मामले चुनौती होंगे। इसके साथ ही सहारनपुर पहले से ही संवेदनशील रहा है। ऐसे में नए अधिकारी के लिए देहात क्षेत्र की कुर्सी आसान काम नहीं होगा। ट्रांसफर होने के बाद भी अभी एसपी देहात सागर जैन को रिलीज नहीं किया गया है। 14 अप्रैल को सहारनपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम है। ऐसे में यही कयास लगाया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के बाद ही एसपी देहात को रिलीज किया जाएगा।