Uttam Nagar murder case: उत्तम नगर मर्डर केस में आरोपी के घर पर MCD ने बुलडोजर चलाया। हालांकि दिल्ली हाईकोर्ट ने 10 दिनों के लिए आगे की कार्रवाई पर रोक लगा दी है। प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई अवैध निर्माण के खिलाफ थी।
Uttam Nagar murder case: दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दिन हुई हत्या के मामले में एक आरोपी के अधूरे बने बहुमंजिला मकान को सोमवार को नगर निगम (MCD) ने गिरा दिया। इस दौरान इलाके में भारी पुलिस बल तैनात रहा ताकि कोई गड़बड़ी न हो। इस कार्रवाई को लेकर लोगों में चर्चा हुई कि क्या यह हत्या से जुड़ा है या अवैध निर्माण से जुड़ी सामान्य कार्यवाई थी। प्रशासन ने इस चर्चा से जुड़े सवालों को जवाब देते हुए यह साफ कर दिया है कि यह सामान्य कार्यवाई थी और इसमें किसी व्यक्ति विशेष को निशाना नहीं बनाया गया है।
मामले में नया मोड़ तब आया जब दिल्ली हाईकोर्ट ने बीच में दखल देते हुए एमसीडी को आगे की कार्रवाई करने से रोक दिया। जस्टिस अमित बंसल ने कहा कि आरोपी के परिवार को अपील करने के लिए एक हफ्ते का समय दिया जाए। साथ ही कोर्ट ने आदेश दिया कि अगले 10 दिनों तक संपत्ति में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। कोर्ट का यह फैसला इसलिए था ताकि परिवार को अपनी बात रखने का पूरा मौका मिल सके। इस आदेश के बाद फिलहाल प्रशासन को अपनी कार्रवाई रोकनी पड़ी।
कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह के झगड़े या तनाव से बचने के लिए पुलिस पहले से तैयार थी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि उन्हें सोमवार सुबह ही इस कार्रवाई की जानकारी मिल गई थी। इसके बाद स्थानीय पुलिस और पैरामिलिट्री बल मौके पर तैनात कर दिए गए। उन्होंने कहा कि यह एक सामान्य कार्रवाई थी और मकान को पहले ही सील किया जा चुका था।
जब मीडिया मौके पर पहुंची, तो आरोपी के परिवार का कोई भी सदस्य वहां नहीं मिला। आसपास के लोगों ने बताया कि घटना के बाद से ही आरोपी के परिवार वाले इलाके छोड़कर चले गए हैं। इस घटना को लेकर लोगों में डर भी है और बात-चीत भी हो रही है। पूरे इलाके में सन्नाटा सा माहौल था, लेकिन पुलिस की मौजूदगी से हालात काबू में रहे। इस घटना के बाद आसपास के लोग भी ज्यादा सतर्क हो गए हैं और हालात पर नजर रखे हुए हैं।
यह मामला 4 मार्च का है, जब हस्तसाल गांव में दो समुदायों के बीच झगड़ा हो गया था। पुलिस के मुताबिक, झगड़ा तब शुरू हुआ जब एक महिला को पानी का गुब्बारा लग गया। धीरे-धीरे यह विवाद बढ़ता गया और हिंसा में बदल गया। इस दौरान 26 साल के तरुण भुटोलिया की मौत हो गई। पुलिस ने जांच में अब तक 16 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो नाबालिग भी हैं। इस घटना के बाद इलाके में तनाव हो गया था, इसलिए पुलिस लगातार हालात पर नजर रखे हुए है।