समाचार

आयुष्मान आरोग्य मंदिर रथ दिखलाएगा तंदुरुस्त सेहत की राह

चिकित्सा विभाग : अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया रथ, जिले में करेगा भ्रमण, आमजन को करेगा जागरूक

2 min read
बांसवाड़ा . आयुष्मान आरोग्य मंदिर रथ को हरीझंडी दिखाकर रवाना करते अधिकारी।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित एक महत्वपूर्ण पहल के तहत शुक्रवार को आयुष्मान आरोग्य मंदिर रथ को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. एचएल ताबियार और उनके सहयोगियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर एडिशनल सीएमएचओ डॉ. भरतराम मीणा, डिप्टी सीएमएचओ डॉ. राहुल डिंडोर, और आरसीएचओ डॉ. दिनेश भाबोर ने भी रथ का अवलोकन किया। आयुष्मान आरोग्य मंदिर रथ का उद्देश्य ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं और योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। यह रथ विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं, सरकारी सुविधाओं और लाभों के बारे में जानकारी पहुंचाएगा, विशेष रूप से आभा आईडी, आयुष्मान आरोग्य मंदिर में मिलने वाली सुविधाएं, आयुष्मान भारत योजना, जिसका उद्देश्य गरीब और कमजोर वर्ग के लोगों को स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराना है।

जागरूकता और सूचना प्रसार का प्रभावी माध्यम

इस रथ के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। रथ में लगी स्क्रीन पर वीडियो दिखाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। इन वीडियो में स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी के साथ-साथ विभिन्न रोगों, उनके होने के कारणों और उनसे बचाव के तरीकों के बारे में बताया जाएगा। https://www.patrika.com/news-bulletin/banswara-news-18997844
यह पहल खासतौर से उन समुदायों के लिए उपयोगी है, जहां स्वास्थ्य सेवाओं और योजनाओं के बारे में जानकारी का अभाव है। रथ को विकल्प इंडिया सोसाइटी जयपुर ने तैयार किया है। जिनकी टीम ही आयुष्मान आरोग्य मंदिर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के क्षेत्रों में जाकर प्रचार प्रसार करेगी।

बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त करने में सहायक

कार्यक्रम के दौरान, डॉ. एचएल ताबियार ने कहा, “आयुष्मान आरोग्य मंदिर रथ ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों तक पहुंचकर उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का एक सशक्त माध्यम बनेगा।” डॉ. ताबियार ने आगे बताया कि यह पहल सिर्फ सरकारी योजनाओं की जानकारी देने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसे एक जागरूकता अभियान के रूप में भी देखा जा सकता है, जिससे लोग अपने स्वास्थ्य के प्रति सतर्क और सजग रहें।

डॉ. राहुल डिंडोर ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि “रथ के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी दी जाएगी, जो उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त करने में सहायक होगी। इसके साथ ही लोगों को वीडियो के माध्यम से विभिन्न बीमारियों के कारणों और उनसे बचने के उपायों की जानकारी दी जाएगी।” इस दौरान डीपीएम ललित सिंह झाला, आईईसी सीओ अमित शाह, डीएएम अक्षय जोशी, विकल्प सोसाइटी के अध्यक्ष संजय कटारा और सचिव गौरव मिश्रा सहित चिकित्सा विभाग के कार्मिक मौजूद रहे।

Also Read
View All

अगली खबर