दिवाली के मौके पर दिल्ली की हवा जहरीली हो गई है। CPCB के डेटा के अनुसार, दिल्ली का AQI लेवल 531 पर पहुंच गया। CPCB ने ग्रैप 2 लागू कर दिया है। पढ़ें पूरी खबर...
दिवाली (Diwali) के मौके पर दिल्ली (Delhi) की हवा जहरीली हो गई। राष्ट्रीय राजधानी पूरी तरह से गैस के चेंबर में तब्दील हो गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक दिवाली पर दिल्ली में वायु गुणवत्ता बहुत खराब और गंभीर श्रेणी में पहुंच गई। शहर के निगरानी स्टेशनों में से 34 ने AQI लेवल को 'खतरनाक' दर्ज किया। CPCB के डेटा के अनुसार, दिल्ली का AQI लेवल 531 पर पहुंच गया।
नरेला इलाके में AQI का स्तर सबसे अधिक 551 दर्ज किया गया। अशोक विहार में भी वायु गुणवत्ता 493 रही। आनंद विहार का AQI 394 दर्ज किया गया। नोएडा में AQI 369 और गाजियाबाद में 402 रहा, जो 'बहुत खराब' श्रेणी में आता है।
दिल्ली और एनसीआर में मौसम की स्थिति पर्यावरण के लिए प्रतिकूल बनी हुई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, धीमी हवाओं के कारण स्मॉग और धुंध की स्थिति बरकरार रहेगी। सुबह के समय दक्षिण-पूर्व दिशा से 5 किमी/घंटा की रफ्तार से चलने वाली हवाएं और रात तक 8 किमी/घंटा से कम गति प्रदूषण कणों को सतह पर रोक रही हैं, जिससे वायु गुणवत्ता खराब हो रही है।
दिल्ली में अधिकतम तापमान 31-33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20-22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान सामान्य से 1-3 डिग्री अधिक और अधिकतम तापमान सामान्य के करीब है। सुबह आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। पिछले 24 घंटों में तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि धीमी हवाओं के चलते प्रदूषण से राहत की उम्मीद नहीं है, जिससे स्वास्थ्य जोखिम बढ़ रहे हैं।
वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (ग्रैप) के दूसरे चरण को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया है। इसके तहत प्रदूषण नियंत्रण बोर्डों और दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) को सख्त निगरानी और कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
आईएमडी ने स्पष्ट किया है कि स्थिति पर करीब से नजर रखी जा रही है और प्रदूषण नियंत्रण के लिए नियमित समीक्षा बैठकें होंगी। पराली जलाना और वाहनों से निकलने वाला धुआं इस प्रदूषण संकट को और गहरा कर रहे हैं, जिससे सर्दियों में स्मॉग की समस्या से निपटने के लिए क्षेत्रीय सहयोग की आवश्यकता और भी बढ़ गई है।
आप नेता साक्षी गुप्ता ने X पर लिखा कि दिल्ली NCR मे AQI 400 से पार, हार्ट के मरीजों के लिए खतरा बढ़ा।दिल्ली में सांस लेना हुआ दूभर! खबरदार अगर किसी ने इसे प्रदूषण बोला! प्रदूषण तो सिर्फ केजरीवाल सरकार मे होता था, BJP के 4 इंजन की सरकार में इसे शुद्ध आबो हवा वाला दिल्ली कहते है।