पिपली नाका स्थित प्राचीन मंदिर में होगा भव्य रंगोत्सव चांदी की पिचकारी से अर्पित होगा टेसू के फूलों से बना पवित्र रंग प्राचीन परंपरा के साथ मनाया जाएगा रंगोत्सव
उज्जैन। पिपली नाका स्थित अति प्राचीन बाबा गुमानदेव हनुमान मंदिर में प्रति वर्ष की तरह इस वर्ष भी भव्य रंगोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक एवं पारंपरिक आयोजन 7 मार्च 2026, शनिवार को रात्रि 8 बजे मंदिर परिसर में संपन्न होगा। मंदिर के गादीपति पंडित चंदन श्याम नारायण व्यास ने बताया कि इस विशेष अवसर पर श्रद्धालु शास्त्रोक्त विधि और मंत्रोच्चार के साथ बाबा गुमानदेव हनुमान जी महाराज को अबीर और गुलाल अर्पित कर होली उत्सव मनाएंगे।
रंगोत्सव के दौरान विशेष रूप से चांदी की पिचकारी से टेसू के पुष्पों से तैयार किया गया प्राकृतिक रंग भगवान को अर्पित किया जाएगा। इस परंपरा का उद्देश्य भक्तों को प्राकृतिक रंगों के महत्व और भारतीय संस्कृति की पारंपरिक विधियों से जोड़ना है। मंदिर परिसर में भक्तों द्वारा भक्ति और उत्साह के साथ भगवान को रंग अर्पित कर आध्यात्मिक वातावरण निर्मित किया जाएगा।
आयोजन के पश्चात सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद स्वरूप शाही ठंडाई का वितरण किया जाएगा। मंदिर समिति ने नगर के सभी गणमान्य नागरिकों और श्रद्धालुओं से इस दिव्य रंगोत्सव में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने का आग्रह किया है। इस आयोजन के माध्यम से मंदिर की वर्षों पुरानी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए भक्तों को आस्था, उत्सव और संस्कृति से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।