रतलाम। वैसे तो नवकार महामंत्र के बारे में बताने की जरुरत नहीं है। यह मंत्र अरिहंत से लेकर सिद्धों का आश्रय, आशीर्वाद जप करने पर जीवन में मोक्ष देता है, लेकिन बीते दिनों यह मंत्र अमेरिका में तब गूंजा जब रतलाम की आस्था जैन ने इसके लिए विशेष आयोजन किया। अमेरिका के फ्लोरिडा में रहने […]
रतलाम। वैसे तो नवकार महामंत्र के बारे में बताने की जरुरत नहीं है। यह मंत्र अरिहंत से लेकर सिद्धों का आश्रय, आशीर्वाद जप करने पर जीवन में मोक्ष देता है, लेकिन बीते दिनों यह मंत्र अमेरिका में तब गूंजा जब रतलाम की आस्था जैन ने इसके लिए विशेष आयोजन किया। अमेरिका के फ्लोरिडा में रहने वाले भारतीय जब आयोजन में शामिल हुए तो वे भी आस्था की मधुर वाणी से निकले ऊं नमो अरिहंताणम…ऊं नमो सिद्धाणम….के कायल हो गए।
अमेरिका के फ्लोरिडा में रतलाम निवासी डॉ. आस्था जैन वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ अजय जैन की पुत्री ने विश्व शांति के लिए नवकार महामंत्र जाप एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया। यह आयोजन फ्लोरिडा के टेम्पा जैन सोसायटी मंदिर में जीतो का अनुसरण करते हुए किया गया।
ताकि वे जैन धर्म के सिद्धांतों से जुड़े रहें
संयोजक आस्था जैन ने बताया कि नवकार महामंत्र जाप से आत्मीय शांति और प्रसन्नता का अनुभव होता है। उन्होंने अमेरिका में पल रहे बच्चों और युवाओं को धर्म से जोड़े रखने की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि वे जैन धर्म के सिद्धांतों से जुड़े रहें। आस्था जैन ने रक्तदान को दान का भाव जगाने वाला और लाभदायक बताया।
टेम्पा जैन मंदिर शहर का प्रमुख जैन मंदिर
टेम्पा जैन मंदिर सोसायटी कार्यकारिणी के अध्यक्ष रोमित जैन ने इस आयोजन को अविस्मरणीय बताया। उन्होंने कहा कि यह पश्चिमी सभ्यता युक्त देश में भारतीय संस्कृति और संस्कारों को जीवित रखने में सहायक होगा। उन्होंने यह भी बताया कि टेम्पा जैन मंदिर शहर का प्रमुख जैन मंदिर है, जहां प्रत्येक रविवार को भक्ति, आरती और सामाजिक मिलन होता है।
300 से अधिक सदस्यों ने की सहभागिता
नीलेश बाफना ने बताया कि इस आयोजन में मंदिर सोसायटी के विजय जैन, सिद्धार्थ जैन, श्रेया जैन, नैना जैन, नेहा कोठारी और धरती शाह सहित 300 से अधिक सदस्यों ने सहभागिता की। सभी सदस्यों ने नवकार महामंत्र जाप का लाभ लिया और रक्तदान शिविर में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। डॉ आस्था जैन ने कोविड के समय भी जैन सिद्धांतों पर आधारित बचाव सेमिनार आयोजित किए थे, जिससे हजारों लोगों को राहत मिली थी और उनके कार्यों की भारत व अमेरिका में सराहना हुई थी। वह अमेरिका में स्वस्थ जीवनशैली हेतु लोगों को जागरूक भी कर रही हैं।