
Ind vs Eng 3rd T20I Playing XI Prediction: भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का पहला मुकाबला बारिश से धुल गया था और दूसरे मैच में इंग्लैंड ने 4 विकेट से जीत दर्ज करते हुए सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है। अब मेजबान टीम मंगलवार 7 जुलाई को नॉटिंघम में जीत हासिल कर सीरीज में अजेय बढ़त बनाने के इरादे से उतरेगी, तो वहीं, भारतीय टीम वापसी करने के लिए पूरा जोर लगाएगी। ऐसे में भारत की प्लेइंग इलेवन में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। आइये इस मैच में भारत और इंग्लैंड की संभावित प्लेइंग इलेवन पर एक नजर डालते हैं।
क्रिकेट फैंस और पूर्व दिग्गजों के दबाव के चलते मैनचेस्टर में भारतीय टीम मैनेजमेंट ने 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को डेब्यू का मौका दिया था। लेकिन, वह अपने पहले अंतरराष्ट्रीय मैच में 10 गेंदों पर दो छक्कों की मदद से सिर्फ 14 रन ही बना सके। उन्हें अनुभवी संजू सैमसन की जगह मौका दिया गया था। सीरीज के लिहाज तीसरा टी20 टीम इंडिया के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं, ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि सूर्यवंशी को बाहर कर सैमसन की प्लेइंग इलेवन में फिर से वापसी हो सकती है। जबकि इंग्लैंड की टीम उसी विनिंग काम्बिनेशन के साथ मैदान पर उतर सकती है।
बता दें कि बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्केल ने मैनचेस्टर मैच से पहले साफ-साफ कहा था कि टीम मैनेजमेंट आईसीसी रैंकिंग में नंबर-2 अभिषेक शर्मा और टी20 वर्ल्ड कप में टूर्नामेंट ऑफ द प्लेयर संजू सैमसन के साथ जाना चाहेगा। इसके पीछे की वजह बताते हुए उन्होंने कहा था कि मैनेजमेंट सभी को ये संदेश देना चाहता है कि वह अपने हीरोज का सपोर्ट करता है।
लेकिन, मैच से पहले अचानक संजू सैमसन को बाहर कर दिया गया। इसके पीछे की वजह चाहे जो कुछ हो, लेकिन अब शायद मैनेजमेंट फिर से संजू को वापस ला सकता है और वैभव सूर्यवंशी को यह कहकर बेंच पर बिठा सकता है कि उन्हें अभी सीनियर टीम के साथ और समय बिताने की जरुरत है।
संजू सैमसन/वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेट कीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, हर्षित राणा, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह और वरुण चक्रवर्ती।
फिलिप सॉल्ट, जोस बटलर (विकेट कीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, आदिल राशिद, जोफ्रा आर्चर और जोश टंग।