
US Iran War: होर्मुज स्ट्रेट से बारूदी सुरंगें हटाने के अमेरिकी सेना के दावे पर ईरान ने सवाल उठाए हैं। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने कहा है कि अमेरिका केवल बयान देने के बजाय इस बात का सबूत दे कि समुद्री रास्ते से सभी बारूदी सुरंगें हटा दी गई हैं। इसके साथ ही ईरान की नौसेना का दावा है कि इस रास्ते से गुजरने के दौरान तीन ऊर्जा टैंकर बारूदी सुरंगों से टकराकर आग की चपेट में आ गए।
ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल हुसैन मोहाबी (Hossein Mohabi) ने गुरुवार को अमेरिकी सेना के सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के दावे को चुनौती दी। उन्होंने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट से बारूदी सुरंगें हटाने की बात को सबूतों के साथ साबित किया जाना चाहिए न कि केवल बयानबाजी से।
मोहाबी ने कहा कि होर्मुज की असली स्थिति का पता सोशल मीडिया और अमेरिका के मीडिया वॉर रूम में पता नहीं चलता। असली स्थिति का पता हवा, जमीन और समुद्र में होने वाली गतिविधियों से चलता है।
इससे पहले CENTCOM ने कहा था कि होर्मुज स्ट्रेट में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त मुख्य समुद्री रास्तों से बारूदी सुरंगें हटा दी गई हैं। ये रास्ते अब सुरक्षित हैं और व्यापारिक जहाज इनसे लगातार सुरक्षित रूप से गुजर रहे हैं। इसके साथ ही अमेरिकी कमांड ने उन खबरों को भी खारिज किया, जिनमें कहा गया था कि इस रास्ते से गुजरने वाले जहाज समुद्री सुरंगों से टकरा रहे हैं।
तीन टैंकरों में विस्फोट की जानकारी के अलावा ब्रिटेन की समुद्री सुरक्षा एजेंसी UKMTO ने एक जहाज में आग लगने की जानकारी दी है। UKMTO का कहना है कि ओमान के पास होर्मुज में एक जहाज में आग लग गई है। यह घटना ओमान के खासाब शहर से करीब 17 किलोमीटर उत्तर में घटी। एजेंसी ने बताया कि एक अन्य जहाज के कप्तान ने आग की चपेट में आए जहाज को देखने की जानकारी दी।
ईरान ने कहा है कि होर्मुज स्ट्रेट तब तक बंद रहेगा, जब तक अमेरिका जलमार्ग को दोबारा खोलने की उसकी सात दिन की योजना स्वीकार नहीं करता। ऐसे में समुद्री रास्ते की सुरक्षा और उसे खोलने को लेकर दोनों देशों के बीच तनाव बना हुआ है।