Monsoon 2024 : झमाझम बारिश से तरबतर शहर, बरगी बांध के चार गेट और खुले, कई कॉलोनियों में जलप्लावन हो गया। एमआरफोर मार्ग पर तो दोपहिया वाहन निकालने की हिमत नहीं पड़ी।
Monsoon 2024 :शहर में मानसूनी रंगत जारी है। गुरुवार को भी दिन भी झमाझम का दौर चला। इससे कई सड़कें फिर से तालाब बन गईं। कई कॉलोनियों में जलप्लावन हो गया। एमआरफोर मार्ग पर तो दोपहिया वाहन निकालने की हिमत नहीं पड़ी। उधर, बरगी बांध के कैचमेंट एरिया में लगातार हो रही बारिश के कारण गुरुवार दोपहर चार और गेट खोलने पडे़।
इससे पहले तक सात गेट से पानी छोड़ा जा रहा था। इससे एक बार फिर नर्मदा के तटों पर जलस्तर में बढोत्तरी हो गई। कई सड़कें लबालब हो गईं। एक दो जगह मकान और पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं। सिवनी, मंडला और जबलपुर जिले के हिस्से में आने वाले बरगी बांध के कैचमेंट एरिया में तेज बारिश का सिलसिला जारी है। बरगी डैम प्रबंधन के अनुसार दोपहर दो बजे चार और गेट खोल दिए गए। इनकी ऊंचाई डेढ़ से ढाई मीटर रखी गई है। अभी बांध में 2663 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है। 1995 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।
नर्मदा गौरीघाट, तिलवारा और लहेटाघाट के अलावा भेड़ाघाट में जलस्तर बढ़ गया। गौरीघाट में घाट पर बने मंदिर और दुकानें डूब गईं। सुरक्षा को लेकर पुलिस और होमगार्ड के जवानों की तैनाती कर दी गई। लोगों को घाट पर जाने से रोका गया।
शहर में झमाझम बारिश का दौर जारी है। गुरुवार सुबह हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन शाम को बदरा झूमकर बरसे। 24 घंटों में 2.5 इंच बारिश के कारण लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। मौसम विभाग का कहना है कि चक्रवाती हवा के चलते समुद्र से भारी नमी आ रही है। इसके चलते आगामी दो दिन तक जबलपुर सहित सभाग के जिलों में झमाझम बारिश हो सकती है। शुक्रवार को शहर में गरज-चमक के साथ भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है। कई इलाकों में बौछार पड़ेगी।
बारिश से वातावरण में उमस खत्म हो गई। अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से दो डिग्री कम था। वहीं, रात का न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से एक डिग्री कम रहा। शुक्रवार को दिन के तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिमी हवा लगातार नमी ला रही है। तेज हवा व आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है।