MP Weather : एक घंटे में एक इंच बारिश से राहत, तेज धूप से दिनभर उमस
MP Weather : सम्भाग के जिलों में बारिश का सिस्टम कमजोर पड़ने से भारी बारिश का दौर थमा हुआ है। लेकिन, शहर में रात की बारिश का सिलसिला जारी है। गुरुवार रात जोरदार बारिश के बाद शुक्रवार को सारा दिन पानी नहीं गिरा। लेकिन, रात 9.45 बजे अचानक बादलों की जमावट हुई और झमाझम बारिश शुरू हो गई। करीब एक घंटे तक हुई जोरदार बारिश ने शहर को तर कर दिया। इस दौरान 0.92 इंच वर्षा दर्ज हुई। कई जगह गलियों में पानी भर गया। बारिश के बाद उमस से राहत मिली। मौसम विभाग की मानें तो शनिवार को जबलपुर सम्भाग के किसी भी जिले में भारी बारिश का अलर्ट नहीं जारी किया गया है। जबलपुर में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 15-16 सितंबर से नया सिस्टम बनने के बाद फिर से पूरे सम्भाग में तेज बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से दो डिग्री अधिक था। रात का न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री दर्ज हुआ। यह सामान्य था। रात को हवा में नमी बढ़ी और 98 फीसदी दर्ज की गई। शुक्रवार की रात एक घंटे में हुई 23.4 मिमी वर्षा के साथ सीजन में अभी तक कुल वर्षा का आंकड़ा 1127.2 मिमी (44.38 इंच) पहुंच गया।
मौसम विभाग के के अनुसार, वर्तमान में जितने भी सिस्टम एक्टिव हैं, वे जबलपुर सम्भाग सहित पूर्वी मध्यप्रदेश से काफी दूर हैं। इस वजह से तेज बारिश होने के आसार नहीं है। इनके नजदीक आने के संकेत मिल रहे हैं। 15-16 सितंबर से सिस्टम नजदीक आएंगे। इससे फिर से बारिश होने लगेगी। जबलपुर में अब तक 44.38 इंच बारिश हो चुकी है, जो मानसून सीजन के कोटे से करीब साढ़े सात इंच कम है।