एक तरफ भाजपा कार्यकर्ता लोगों के बीच जाकर अपने कार्यों की गिनती करा रहे हैं तो वहीं दूसरी तरफ विपक्षी पार्टियां लगातार भाजपा को घेरने की रणनीति तैयार कर रही है।
नोएडा। 2019 लोकसभा चुनाव से पहले सभी राजनीतिक पार्टियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जहां एक तरफ भाजपा कार्यकर्ता लोगों के बीच जाकर अपने कार्यों की गिनती करा रहे हैं तो वहीं दूसरी तरफ विपक्षी पार्टियां लगातार भाजपा को घेरने की रणनीति तैयार कर रही है। अब इस बीच भाजपा में बड़ी बगावत होती नजर आ रही है। कारण, पार्टी के एक दिग्गज नेता अब विपक्ष की रैली में शामिल होने जा रहे हैं। जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
दरअसल, 8 सितंबर को आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल नोएडा के सेक्टर-46 में एक विशाल रैली को संबोधित करेंगे। यहां उनके साथ भाजपा के बागी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा और पूर्व मंत्री यशवंत सिन्हा भी नजर आएंगे। आप की जन अधिकार पद यात्रा सहारनपुर से 29 अगस्त को शुरू हुई थी। जिसका समापन नोएडा में होगा। वहीं आप के यूपी प्रभारी संजय सिंह करीब 2 बजे नोएडा पहुंचे। जहां सेक्टर-62 में कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस दौरान नोएडा महानगर सचिव शैलेंद्र बरणवाल ने बताया कि जिस तरह से भाजपा सरकार में महंगाई बढ़ रही है और गरीब व किसानों की अनदेखी हो रही है इसके लिए आम आदमी पार्टी लगातार आवाज उठाती रही है। आज भी नोएडा में हमारे पार्टी संयोजक आ रहे हैं और वह यहां लोगों को संबोधित करने के अलावा उनकी समस्याओं पर भी बात करेंगे।
गौरतलब है कि पीएम नरेंद्र मोदी भी पीएम बनने के बाद अब तक चार बार नोएडा आ चुके हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कई बार नोएडा में दौरा कर चुके हैं। माना जा रहा है कि अरविंद केजरीवाल ने भी इसी वजह से नोएडा को चुनाव की हुंकार भरने के लिए चुना है। यह भी माना जा रहा है कि इस रैली के जरिए प्रदेश में लोकसभा चुनाव की रणनीति का आगाज करेंगे। साथ ही भाजपा को झटका देने के लिए ही शत्रुघ्न सिन्हा और पूर्व मंत्री यशवतं सिन्हा के भी इसमें शामिल होने के दावे किए जा रहे हैं। पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह पहले ही कह चुके हैं कि आप पार्टी इस बार यूपी में चुनाव लड़ेगी।