नोएडा

फिल्म ‘स्पेशल 26’ की तर्ज पर लूटी 6 क्विंटल चांदी, जानिये कैसे गिरफ्त में आया मास्टरमाइंड

फिल्मी स्टाइल करोड़ो की चांदी लूटने वाले गैंग के मास्टरमाइंड समेत दो बदमाश गिरफ्तार
2 min read
• •
Updated: 6 May 2018, 12:23 PM IST
noida

नोएडा.अक्षय कुमार की फिल्म 'स्पेशल 26' की तर्ज पर नकली अधिकारी बन करोड़ों की चांदी लूटने वाले गैंग के मास्टरमाइंड समेत दो बदमाशों को ग्रेटर नोएडा पुलिस ने 30 किलो लूटी हुई चांदी के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों से अवैध हथियार भी बरामद किए हैं। अब पुलिस लूट में शामिल कार के ड्राइवर व उसके साथी की तलाश कर रही है। बता दें कि पुलिस पहले ही इस गैंग के चार बदमाशों को 5 कुंतल 18 किलो चांदी के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

ज्ञात हो कि बदमाशों ने बीती 3 अप्रैल को ब्लू डार्ट कंपनी संजय पैलेस आगरा से चालक अमित कुमार व सतवीर सिंह गाड़ी में लोड 618 किलो चांदी की ज्वेलरी लेकर दिल्ली में डिलीवरी करने जा रहे थे। लेकिन, ग्रेटर नोएडा की जेवर कोतवाली पुलिस ने यमुना एक्सप्रेसवे पर करीब दोपहर के 2 बजे खाकी वर्दी पहने एक व्यक्ति ने कागज चेक करने के बहाने गाड़ी को रोक लिया। वहीं दूसरी तरफ पीछे से आई फॉर्चूनर कार में बैठे बदमाश चांदी से लदी गाड़ी लेकर फरार हो गए। इसके बाद थोड़ी दूर आगे चलकर गनमैन को बंधक बना लिया था। पकड़े बदमाशों ने पुलिस को पूछताछ के दौरान बताया कि इस वारदात में गाड़ी चालक भी शामिल था, जिसने पूरी जानकारी दी थी कि किस दिन चांदी लेकर वह दिल्ली जाएगा। बता दें कि पुलिस पहले ही इस गैंग के चार बदमाशों को 5 कुंतल 18 किलो चांदी के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

अब पुलिस ने इस गैंग के मास्टरमाइंड आरिफ सहित उसके साथी नदीम को भी 30 किलो चांदी के साथ गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए बदमाशों से पुलिस ने चांदी सहित दो तमंचे व मोटर साईकिल बरामद की है। एसपी देहात सुनीति सिंह का कहना है कि अभी इस सनसनीखेज लूट की वारदात में शामिल गाड़ी का ड्राइवर व उसका साथी फरार है जिसकी तलाश की जा रही है। उनका दावा है कि अब यमुना एक्सप्रेसवे पर सर्राफा व्यापारी की लूटी गई 95 प्रतिशत चांदी बरामद कर ली गई है।

Published on: