नोएडा

एथलीट और रेसलर बने इंटरनेशनल वाहन चोर, 17 लग्जरी कार के साथ तीन गिरफ्तार

दिल्ली एनसीआर से लग्जरी कार चुराकर विदेशों में बेचने वाले नागालैंड के चर्चित केतु गैंग के तीन सक्रिय सदस्य चढ़े नोएडा पुलिस के हत्थे।
2 min read
• •
Updated: 26 Jul 2021, 10:22 AM IST
noida.jpg

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
नोएडा. पुलिस और एंटी ऑटो थेफ्ट टीम ने संयुक्त ऑपरेशन के तहत लग्जरी कार चुराने वाले तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के आला अधिकारियों के मुताबिक पकड़े गए आरोपी नागालैंड के चर्चित गैंग केतु के सक्रिय सदस्य हैं। आरोपियों के पास से 17 लग्जरी कार बरामद की गई हैं। यह गैंग ऑन डिमांड लग्जरी गाड़ियों को चोरी करता था। उसके बाद उसके नंबर प्लेट के साथ-साथ इंजन नंबर, चेचिस नंबर बदलकर कार को दूसरे राज्यों के साथ म्यांमार और भूटान में महंगे दामों में आसानी से बेच देता था। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि वह अब तक कितने वाहनों को चोरी कर चुके हैं और उनके गैंग में और कितने लोग शामिल हैं।

नोएडा के सेक्टर-58 पुलिस और एंटी ऑटो थेफ्ट टीम के सयुक्त ऑपरेशन के दौरान पकड़े गए आरोपियों की पहचान अमित, अजमेर और संदीप के रूप में हुई है। तीनों आरोपी हरियाणा के रहने वाले हैं। गिरोह का सरगना पहले भी कई बार वाहन चोरी के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस के आला अधिकारियों का कहना है कि गैंग का सरगना जेल से आने के बाद फिर से अपने साथियों के साथ मिलकर वाहन चोरी करना शुरू कर दिया था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी संदीप सिंह के संबंध इंश्योरेंस कंपनी के कर्मचारी और अधिकारियों से हैं। वह कंपनियों के सर्वेयर के साथ मिलकर टोटल लॉस की गई गाड़ियों की डिटेल एकत्र करता था और उसके बाद ऑन डिमांड उसी मॉडल की गाड़ी चोरी कराने के लिए चोरों से कांटेक्ट करता था। गाड़ी चोरी होने के बाद आरोपी अजमेर बीमा कंपनियों से टोटल लॉस वाली गाड़ियों को कम दामों में खरीदते हुए स्क्रैप में कटवाकर कबाड़ी को बेच दिया करता था। इसके बाद उस गाड़ी का इंजन नंबर, रजिस्ट्रेशन और चेचिस नंबर को चोरी की गई गाड़ी पर पेस्ट कर दिया करते था। इसके बाद गाड़ियों का वैध बनाकर बाजार में बेच दिया करता था।

म्यांमार और भूटान में भी बेचते थे चोरी की गाड़ियां

एडिशनल डीसीपी रणविजय सिंह ने बताया कि पकड़े गए बदमाश नागालैंड के चर्चित के केतु गैंग के सक्रिय सदस्य हैं। पकड़े गए आरोपी दिल्ली एनसीआर के चोरों के संपर्क में रहकर गाड़ियों को चोरी कराते थे। उसके बाद टेंपर्ड कराकर नागालैंड के दीमापुर निवासी केतु डेविड और हापा को महंगे दामों पर बेच दिया करते थे। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी की गई गाड़ियों को वह म्यांमार और भूटान में बेचते थे। इसके साथ ही एनसीआर के चोरी होने वाली लगभग सभी गाड़ियां नॉर्थ ईस्ट में इन्हीं लोगों द्वारा खरीदी जाती थीं। पुलिस के मुताबिक आरोपी केतु का भाई अवैध गतिविधियों में संलिप्त है।

दो एथलीट तो एक रेसलर

एडिशनल डीसीपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अमित एथलीट है और गोला फेंक का खिलाड़ी है। वहीं दूसरा आरोपी संदीप भी गोला फेंक का खिलाड़ी और तीसरा आरोपी अजमेर रेसलिंग का प्लेयर रहा है। पुलिस को इनके पास से एक डायरी भी मिली है, जिसमें काफी गाड़ियों का विवरण है। इनके द्वारा गाड़ी की नंबर टेंपर्ड करके दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, गाजियाबाद और मेरठ में बेची गई हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पकड़े गए आरोपियों से 17 लग्जरी गाड़ियां भी बरामद की हैं। पकड़े गए अमित के द्वारा अब तक 100 से ज्यादा गाड़ियों को चोरी कर बेचा जा चुका है। आरोपियों का पुराना लंबा आपराधिक इतिहास भी है।

Published on: