नोएडा

नोएडा में DDA की तर्ज पर होगा प्लाट का आवंटन, नीलामी में लगानी होगी ऊंची बोली

गौतमबुद्ध नगर में नोएडा अथॉरिटी पहली बार डीडीए की तर्ज पर प्लाट का आवंटन करने जा रही है। जिसके लिए 5 सितंबर से ऑनलाइन आवेदन शुरू होंगे। अथॉरिटी द्वारा तय तारीख पर प्लाट के लिए ई-बोली लगानी होगी, जो सबसे ऊंची बोली बोलेगा, प्लाट का आवंटन उसी के नाम किया जाएगा।

2 min read
Sep 01, 2022
auction_will_be_held_on_lines_of_dda_for_the_first_time_in_noida.jpg

अगर आप गौतमबुद्ध नगर में प्लाट लेने का मन बना रहे हैं, तो ये विचार आपको महंगा पड़ सकता है। क्योंकि नोएडा अथॉरिटी पहली बार डीडीए (DDA) की तर्ज पर प्लाट का आवंटन करने जा रही है। यानी अब शहर की तीनों ही अथॉरिटी में जो सबसे ज्यादा ऊंची बोली लगाएगा, उसी को प्लाट मिलेगा। इसके लिए नोएडा के 13 सेक्टरों में करीब 250 प्लाट का आवंटन किया जाएगा। ये सभी प्लाट रेजिडेंशियल होंगे। इसके अलावा अथॉरिटी इंडस्ट्रियल प्लाट का आवंटन भी करेगी। लेकिन अब प्लाट आवंटन के लिए न तो ड्रॉ सिस्टम लागू होगा और न ही इंटरव्यू लिए जाएंगे।

नोएडा के 13 सेक्टरों में प्लाट लेने का मौका

दरअसल, इस बार नोएडा अथॉरिटी डीडीए की तर्ज पर इन प्लाट का आवंटन करेगी। इसी पैटर्न पर यमुना अथॉरिटी भी जेवर एयरपोर्ट के पास रेजिडेंशियल प्लाट का आवंटन करने जा रही है। गौरतलब है कि नोएडा अथॉरिटी 243 रेजिडेंशियल प्लाट आवंटन की स्कीम लेकर आ रही है। इसके तहत लोगों को नोएडा के 13 सेक्टरों में प्लाट लेने का मौका मिलेगा। वहीं जानकारों के मुताबिक, नोएडा के सेक्टर 31, 33, 34, 35, 43, 44, 47, 51, 52, 105, 108, 93बी और 151 में प्लाट का आवंटन किया जाएगा। सेक्टर-151 में सबसे ज्यादा 93 प्लाट लेने का मौका मिलेगा।

प्लाट लेने के लिए लगानी होगी ई-बोली

बता दें कि अथॉरिटी ने इन प्लाट का रिजर्व प्राइस 56,620 रुपए प्रति वर्गमीटर रखा है। जिसके लिए 5 सितंबर से ऑनलाइन आवेदन शुरू होंगे। जबकि आवेदन करने की आखिरी तारीख 26 सितंबर होगी। वहीं अथॉरिटी द्वारा तय तारीख पर प्लाट के लिए ई-बोली लगानी होगी, जो सबसे ऊंची बोली बोलेगा, प्लाट का आवंटन उसी के नाम किया जाएगा। इसके अलावा अथॉरिटी रेजिडेंशियल के साथ ही इंडस्ट्रियल प्लाट भी लाई है। जिसका आवंटन नोएडा के 67, 80, 145, 158 और 164 में किया जाएगा। इसके लिए भी 26 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन किया जाएगा।

Published on:
01 Sept 2022 01:03 pm