नोएडा

लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा ने कई जिलों में बदले जिलाध्यक्ष, इन्हें मिली जिम्मेदारी, देखें पूरी लिस्ट

भाजपा में सांगठनिक तौर पर 6 मोर्चा और 44 प्रकोष्ठ हैं। अब 2019 के लोकसभा चुनावों को देखते हुए पार्टी ने कई नए प्रकल्पों का भी गठन किया है।

2 min read
Sep 28, 2018
Feature image

नोएडा। भारतीय जनता पार्टी लगातार आगामी लोकसभा चुनावों को देखते हुए अपने संगठन को मजबूत करने में जुटी हुई है। इसी के तहत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पांडे ने गुरुवार को मेरठ व हापुड़ सहित कई जिलों में नए जिलाध्यक्षों की नियुक्ति की है। आपको बात दे कि इससे पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष द्वारा किसान मोर्चा, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, पिछड़ा वर्ग मोर्चा सहित पार्टी के कई अन्य प्रकोष्ठों के भी पदाधिकारियों की घोषणा की जा चुकी है। गुरुवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष द्वारा जारी सूची के मुताबिक मेरठ, मेरठ महानगर, मुजफ्फरनगर, हापुड़, फिरोजाबाद, झांसी और ललितपुर में पुराने जिलाध्यक्षों को हटाकर उनकी जगह नए जिलाध्यक्षों की नियुक्ति की है।

सूची में घोषित नामों के अनुसार मेरठ में रविंद्र भड़ाना, मेरठ महानगर में मुकेश सिंघल, मुजफ्फरनगर में सुधीर सैनी, हापुड़ में विकास अग्रवाल, फिरोजाबाद में मानवेंद्र लोधी, झांसी में जमुना कुशवाहा और ललितपुर में जगदीश लोधी को नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। भाजपा सूत्रों के मुताबिक इन जिलों के मौजूदा जिलाध्यक्षों के खिलाफ कार्यकर्ताओं द्वारा कई बार उनको तवज्जो न देने को लेकर व गुटबाजी को लेकर कई बार शिकायत की गई थी। जिसके बाद प्रदेश संगठन के द्वारा उनको हटाकर नए जिलाध्यक्षों की नियुक्ति की गई है।

आपको बता दे कि संगठन की दृष्टि से भाजपा ने उत्तर प्रदेश को 6 क्षेत्रों में बांट रखा है। इनमें पश्चिम क्षेत्र, ब्रज क्षेत्र, अवध क्षेत्र, कानपुर क्षेत्र, काशी क्षेत्र व बुंदेलखंड क्षेत्र शामिल हैं। इनमें से जिन जिलों में जिलाध्यक्ष बदले गए हैं उनमें पश्चिम क्षेत्र के तीन, ब्रज क्षेत्र का एक और बुंदेलखंड क्षेत्र के दो जिले शामिल हैं। साथ ही भाजपा में सांगठनिक तौर पर 6 मोर्चा और 44 प्रकोष्ठ हैं। अब 2019 के लोकसभा चुनावों को देखते हुए पार्टी ने कई नए प्रकल्पों का भी गठन किया है। जिनमें स्वच्छता अभियान प्रमुख प्रशिक्षण प्रमुख आदि शामिल हैं।

Published on:
28 Sept 2018 05:29 pm