नोएडा

OMG कुल्हाड़ी से काटकर की थी जिस युवक की हत्या, अचानक जिंदा लौटा तो उड़े सभी के होश

संभल के चंदौसी थाना क्षेत्र में सामने आई सनसनीखेज घटना
2 min read
• •
Updated: 21 May 2018, 10:30 AM IST
Sambhal
OMG कुल्हाड़ी से काटकर की थी जिस युवक की हत्या, अचानक जिंदा लौटा तो उड़े सभी के होश

संभल. चंदौसी थाना क्षेत्र में हत्या के बाद जिंदा लौटे एक युवक की सनसनीखेज घटना इन दिनों सुर्खियों में है। हर कोई हैरान है कि जिस शख्स को कुलहाड़ी से काटकर मौत के घाट उतार दिया गया हो आखिर वह जिंदा कैसे हो सकता है। दरअसल, अप्रैल में एक युवक ने सोशल मीडिया पर वायरल हाे रहे एक वीडियो को देखकर दावा किया था कि वीडियो में जिस युवक को मारा गया है वह उसका लापता भाई है। ये सुनकर पुलिस के भी होश उड़ गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। इधर, शनिवार शाम को वायरल वीडियो में मरने वाला अजब सिंह अचानक घर पहुंच तो परिजन भी हैरान रह गए और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने उससे पूछताछ कर घर भेज दिया। अब सवाल ये उठता है कि आखिर वह जिंदा कैसे हो गया?

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अजब सिंह 7-8 माह पहले अपने भाई और भाभी से नाराज होकर दिल्ली चला गया था। इसी बीच अचानक चरण सिंह के बेटे बंटी ने मोबाइल पर आए एक वीडियो को देखा, जिसमें कुछ लोग एक युवक को बेरहमी से लाठी-डंडों से मार रहे हैं और वो चीख रहा है। अंत में उसे कुल्हाड़ी से काट दिया गया। इस वीडियो में पिटने वाले और मारे गए युवक की पहचान बंटी ने अपने भाई और मां ने अपने बेटे अजब सिंह के रूप में की। इसके बाद घर में कोहराम मच गया और परिजन वीडियो लेकर चंदौसी कोतवाली पहुंच गए। मामला उच्च अधिकारियों तक पहुंचा तो पुलिस ने चरण सिंह की शिकायत पर कोतवाली चंदौसी में 30 अप्रैल को रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

शनिवार रात अचानक अजब सिंह अपने घर पहुंचा तो घर के सभी लोग चौंक गए। क्योंकि उन्होंने वीडियो के मुताबिक अजब सिंह को मृत मान लिया था। लेकिन, अजब सिंह को सकुशल अपने बीच पाकर परिवार के सभी लोग खुश थे। इसके बाद चरण सिंह ने पुलिस को सूचना दी की उनका लापता बेटा अजब सिंह जीवित है और सकुशल घर वापस आ गया है। अजब सिंह अपनी मां के साथ पुलिस कोतवाली पहुंचा तो एसपी संभल ने उससे काफी देर तक पूछताछ की और फिर उसे उसके घर भेज दिया गया।

यह भी पढ़ें- यशवंत सिन्हा के बाद अब आजम खान ने की ये बड़ी भविष्यवाणी, भाजपाईयों के उड़े होश

वहीं घर वापस आए अजब सिंह से वीडियो को लेकर पूछताछ की गई तो उसने कहा कि वायरल वीडियो के बारे में कुछ नहीं पता वह तो भाई और भाभी से नाराज होकर चला गया था। उसने कहा कि हो सकता है वीडियो में दिख रहा लड़का और उसकी आवाज मेरी तरह लगी हो। जबकि अजब सिंह की मां तो अब भी यही कह रही है कि मुझे तो वीडियो में अजब सिंह ही लगा था।

Published on: