
नोएडा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर दिल्ली से पलायन करने वाले लोगों को यूपी में दौड़ा-दौड़ाकर पिटवाने का आरोप लगाने वाले आम आदमी पार्टी के विधायक राघव चड्ढा के खिलाफ नोएडा पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। नोएडा सेक्टर-20 थाने में दर्ज मुकदमे के अनुसार, आप विधायक राघव चड्ढा पर आरोप है कि उन्होंने भ्रामक जानकारी फैलाई है।
दरअसल, दिल्ली की राजेंद्र नगर विधानसभा सीट से आप विधायक राघव चड्ढा ने शनिवार को ट्वीट करते हुए कहा था कि सीएम योगी दिल्ली से यूपी जाने वाले लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर पिटवा रहे हैं। योगी जी कह रहे हैं कि तुम दिल्ली क्यों गए थे। अब तुम्हे कभी दिल्ली नहीं जाने नहीं देंगे। इसके साथ ही उन्होंने अपील करते हुए आगे लिखा कि यूपी सरकार से अपील है ऐसा नहीं करें। मुश्किल की इस घड़ी में लोगों की समस्याओं को बढ़ाएं नहीं। विधायक राघव चड्ढा के इसी ट्वीट को लेकर अब उनके खिलाफ नोएडा पुलिस ने केस दर्ज किया है।
बता दें कि लॉकडाउन के चलते दिल्ली में काम करने वाले हजारों मजदूर अपने-अपने घरों को लौट रहे हैं। अचानक हुए इस पलायन से स्थिति काफी बिगड़ती जा रही है। वहीं इसको लेकर दिल्ली और उत्तर प्रदेश सरकार के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई है। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने दावा करते हुए कहा है कि योगी सरकार यह आरोप लगा रही है कि आप सरकार ने बिजली-पानी के कनेक्शन काटे हैं। इसलिए लोग दिल्ली को छोड़कर पलायन कर रहे हैं। उन्होंने भाजपा पर कोरोना वायरस को लेकर घटिया राजनीति करने का भी आरोप लगाया है। सिसोदिया की यह प्रतिक्रिया प्रवासी मजदूरों के बड़ी संख्या आनंद विहार पहुंचने की खबर के बाद आई है।