नोएडा के सेक्टर-104 स्थित इस कोठी को एक कंपनी ने लिया हुआ है किराये पर सेक्टर-39 पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की विश्वकप जीतने के बाद यह धोनी ने यह कोठी प्राधिकरण से खरीदी थी
नोएडा। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान व कैप्टन कूल महेंद्र सिंह धोनी की कोठी में घुसे चाेरों ने कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। सेक्टर-104 स्थित इस कोठी को एक कंपनी ने किराये पर लिया हुआ है। यहां अभी निर्माण कार्य भी चल रहा था। कोठी के केयरटेकर ने जब पुलिस को चोरी की सूचना दी तो महकमे में हड़कंप मच गया। सेक्टर-39 पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
प्रधाकिरण की लिस्ट में धोनी के नाम पर है रजिस्टर्ड
जानकारी के अनुसार, महेंद्र सिंह धोनी ने विश्वकप जीतने के बाद यह कोठी प्राधिकरण से खरीदी थी। नोएडा अथॉरिटी की लिस्ट में सेक्टर-104 स्थित यह प्लॉट धोनी के नाम पर रजिस्टर्ड है। यहां पर 450 वर्गमीटर में कोठी बनी है। इसकी देखभाल विक्रम सिंह करते हैं। उनका कहना है कि कोठी में अभी निर्माण कार्य चल रहा है। उन्होंने एक कमरे में जरूरी सामान रखा हुआ है। दिन में वह कोठी की निगरानी करते हैं जबकि शाम को घर चले जाते हैं। शनिवार रात को कोठी में चोर घुस आए थे। वे ताला तोड़कर यहां से एलसीडी चुराकर ले गए हैं।
पुलिस में मचा हड़कंप
अगले दिन सुबह जब वह यहां आए तो उन्हें ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाने पर उन्हें एलसीडी भी गायब मिली। यह कोठी एक कंपनी ने किराये पर ली हुई है। इस वजह से उन्होंने सबसे पहले चोरी की सूचना कंपनी को दी और फिर पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। इस बारे में सेक्टर-39 थाने के प्रभारी एस सिंह ने बताया कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस घटना का क्रिकेटर से कोई लेना-देना नहीं है। कोठी में ही काम कर रहे किसी कर्मचारी पर चोरी का शक जताया जा रहा है।
UP Lok sabha election Result 2019 से जुड़ी ताज़ा तरीन ख़बरों, LIVE अपडेट तथा चुनाव कार्यक्रम के लिए Download करें patrika Hindi News App