नोएडा

सपा के पूर्व विधायक देवेंद्र अग्रवाल से गौतमबुद्ध नगर जेल में बंद शख्स ने मांगी रंगदारी

पत्र में लिखा है कि इस समय प्रदेश में भाजपा की सरकार है। आपकी पार्टी सपा की नहीं जो आपको बचा लेगी।
3 min read
• •
Updated: 6 Sep 2018, 8:58 PM IST
Feature image

नोएडा। भाजपा विधायकों से 10 लाख की रंगदारी की मांग करते हुए धमकी मिलने का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब एक और विधायक को धमकी मिलने का मामला सामने आ गया है। इस बार ये धमकी सपा के पूर्व विधायक देवेन्द्र अग्रवाल को मिली है। धमकी देने वाला आरोपी इस समय गौतमबुद्धनगर के जिला कारागार में बंद है। ताजा मामला हाथरस की सादाबाद बिधानसभा के पूर्व सपा विधायक देवेंद्र अग्रवाल का है। पूर्व विधायक को मिले धमकी भरा पत्र भेजने वाले व्यक्ति का नाम मुकेश चौहान पुत्र रामप्रकाश निवासी जिला कारागार गौतमबुद्ध नगर जेल पड़ा हुआ है।

पत्र में अलीगढ़ जेल में रुपए पहुंचाने की बात लिखी है कि विधायक जी तुम्हारा दिमाग खराब हो गया है। मैं अब गौतमबुद्ध नगर जेल में बंद हूं, पहले जब मैं अलीगढ़ जेल में था तो आप समय से पैसे भेज देते थे अब आप सोच रहे होंगे कि मैं गौतमबुद्ध नगर जेल से आपका क्या बिगाड़ लूंगा। जो काम अलीगढ़ से नहीं हो सकते वह यहां से बहुत आसानी से हो जाएगें क्योंकि चुनाव बहुत जल्दी होने वाला है। चुनाव में जनसभा भी होगी, जिसमें आपका दिमाग सही करने के लिए मुझे कोई जगह तलाशनी पड़ेगी।

पत्र में लिखा है कि इस समय प्रदेश में भाजपा की सरकार है। आपकी पार्टी सपा की नहीं जो आपको बचा लेगी। तुम मेरे बारे में बहुत कुछ जानते हो कि मैं तुम्हारा क्या बिगाड़ सकता हूं। पूर्व विधायक ने आगे बताया कि उन्हें यह पत्र रजिस्ट्री के माध्यम से मिला है। पत्र में लिखा हुआ है कि मुकेश चौहान पुत्र राम प्रकाश गौतमबुद्ध नगर जिला जेल। जिसमें मोहर कासना की लगी हुई है। पत्र में लिखा हुआ है कि आगे चुनाव आने वाले हैं और चुनाव में 10 लाख रुपए नहीं दिए तो तुझे मार दिया जाएगा। विधायक का कहना है कि यह सब उनके विरोधियों की चाल भी हो सकती है, वे मुझे व मेरे परिवार को मरवा सकते हैं। पूर्व विधायक ने पुलिस से अपनी व अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

हाथरस एसपी ने दिए जांच के आदेश
सपा के पूर्व विधायक देवेंद्र अग्रवाल ने पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश यादव से मिलकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा लिखने के लिए तहरीर दी है। इस बारे में एसपी जयप्रकाश का कहना है कि पूर्व विधायक द्वारा उन्हें एक पत्र दिया गया है, जिसमें जान से मारने की धमकी और चौथ मांगने की बात कही गई है। इस मामले में जांच कराई जा रही है और जांच करने के बाद जो भी उचित कार्रवाई होगी वह की जाएगी।

कौन हैं देवेंद्र अग्रवाल
देवेंद्र अग्रवाल शहर के रहने वाले हैं। वे 2012 में सपा के टिकट पर हाथरस जिले की सादाबाद विधानसभा से विधायक चुने गए थे। गत 2017 के विधानसभा चुनाव में उन्हें बसपा के रामवीर उपाध्याय से हार का सामना करना पड़ा। इससे पहले उन्होंने 2007 में हाथरस सदर सीट से रालोद के टिकट पर चुनाव लड़ा था, जिसमें उन्हें बसपा के रामवीर उपाध्याय से हार का सामना करना पड़ा था। आपको बता दें कि रामवीर उपाध्याय और देवेंद्र अग्रवाल की राजनीतिक अदावत जगजाहिर है।

Published on: