
Dry Day in UP: अगले महीने यानी अक्टूबर में उत्तर प्रदेश में तीन दिन ड्राई डे होगा। प्रदेश में शराब की दुकानें तीन दिनों के लिए बंद की जा सकती हैं।
अगले महीने प्रदेश में तीन दिन शराब की दुकानें बंद रहने की घोषणा की गई है। इन तीन दिनों में महात्मा गांधी की जयंती पर यानी दो अक्टूबर को सार्वजनिक अवकाश, 12 अक्टूबर को दशहरा के मौके पर और 17 अक्टूबर को महर्षि वाल्मीकि जयंती पर शराब की दुकानें बंद रहेंगी। इसके अलावा प्रदेश के कुछ जिलों में ड्राई डे पांच दिनों तक रहेगा।
दरअसल हरियाणा में अगले महीने विधानसभा चुनाव हैं। यहां पांच अक्टूबर को मतदान और 8 अक्टूबर को मतगणना है। हरियाणा में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए पड़ोसी प्रदेश की सीमा से सटे जिले गौतमबुद्ध नगर यानी नोएडा सहारनपुर, शामली, बागपत, अलीगढ़ और मथुरा जैसे जिलों में शराब की दुकानें बंद रखने का आदेश दिया गया है।
विशेष सचिव आबकारी दिव्य प्रकाश गिरी ने गाइडलाइन जारी करते हुए कहा है कि हरियाणा बॉर्डर से 3 किलोमीटर के दायरे में आ रहे सभी शराब ठेके बंद रहेंगे। नोएडा, बागपत, अलीगढ़, मथुरा, सहारनपुर और शामली जिले में सीमा के तीन किलोमीटर के दायरे में वाइन शॉप, अंग्रेजी शराब की दुकानें बंद रहेंगी।