ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-1 थाने में मैटरनिटी लाइव पूरी होने के बाद थाने पहुंचीं थी सिपाही दोनों बच्‍चों को कंप्यूटर टेबल पर लिटा कर पूरी की अपनी ड्यूटी मुरादाबाद पुलिस ने भी ऐसी ही फोटो की ट्वीट
ग्रेटर नोएडा। मदर्स-डे के दिन रविवार को यूपी पुलिस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर उन महिला सिपाहियों की तस्वीर ट्वीट की गई, जो ड्यूटी के साथ ही अपने मां हाेने का फर्ज भी बखूबी निभा रही हैं। इनमें से एक गौतमबुद्ध नगर जिले के थाना इकोटेक-1 पर तैनात महिला कांस्टेबल की भी है जबकि मुरादाबाद और श्रावस्ती पुलिस की तरफ से ऐसी ही फाेटो ट्वीट की गई हैं।
यह लिखा नोएडा पुलिस ने
ग्रेटर नोएडा के थाना इकोटेक-1 पर तैनात महिला कांस्टेबल कामिनी की फोटो ट्वीट करते हुए नोएडा पुलिस ने लिखा है, वर्दी की जिम्मेदारी संग निभा रही जुड़वां बच्चों का भी फर्ज। संभल के रजपुरा गांव की रहने वाली कामिनी इकोटेक-1 थाने पर तैनात हैं। करीब छह माह पहले उनके जुड़वां बच्चे हुए थे। इस वजह से वह मैटरनिटी लीव पर चल रही थीं। अवकाश खत्म होने के बाद मदर्स-डे के मौके पर वह रविवार को ऑफिस पहुंचीं। उनके साथ उनके जुड़वां बच्चे भी थे। कामिनी ने बच्चों को कंप्यूटर टेबल पर लिटा दिया और अपनी ड्यूटी पूरी की। उनके इस जज्बे की सभी पुलिसकर्मियों ने जमकर तारीफ की।
जज्बे को किया सैल्यूट
थाना प्रभारी ने इसकी फोटो खींची तो वह यूपी पुलिस ने भी रिट्वीट कर दी। नोएडा पुलिस के ट्विटर हैंंडल से 494 लोग रिट्वीट कर चुके हैं जबकि 2200 लोगों ने इसे लाइक किया है। लोगों ने कामिनी के इस जज्बे को सैल्यूट किया है। इकोटेक-1 थाना प्रभारी मुकेश कुमार का कहना है कि कामिनी मैटरनिटी लीव पर थीं। रविवार को वह दोनों बच्चों को साथ लेकर ड्यूटी ज्वाइन करने पहुंचीं। वहीं, कामिनी ने कहा कि मां के फर्ज के साथ ही ड्यूटी की जिम्मेदारी भी जरूरी है।
मुरादाबाद पुलिस ने किया ट्वीट
मुरादाबाद पुलिस के ट्विटर हैंडल से भी एक कोलाज ट्वीट किया गया है। इसमें कुछ महिला सिपाही बच्चों के साथ अपनी ड्यूटी पूरी करती दिख रही हैं। इस कोलाज के साथ मुरादाबाद पुलिस ने लिखा है, मां को अपने कर्तव्य का सबसे अच्छा से पता है। घर पर भी और बाहर भी!! @moradabadpolice की 'महिला शक्ति' एक मां और एक पुलिस अधिकारी/कर्मचारी के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करती है। मुरादाबाद पुलिस की तरफ से आप सभी को मातृ दिवस की शुभकामनाएं।
श्रावस्ती में भी दिखा ऐसा नजारा
ऐसा ही कुछ नजारा रविवार को श्रावस्ती में भी देखने को मिला। यहां यूपी 100 कार्यालय में तैनात महिला आरक्षी ममता दीक्षित अपनी बच्ची के साथ ड्यूटी पूरी करने पहुंचीं। श्रावस्ती पुलिस की तरफ उनकी फोटो ट्वीट करते हुए लिखा गया है, श्रावस्ती @up100 कार्यालय में नियुक्त महिला आरक्षी ममता दीक्षित अपने बच्ची के साथ चुनाव के दौरान यूपी हंड्रेड कंट्रोल रूम में आरओआईपी ड्यूटी पर सतर्कता से अपने कर्तव्य का निर्वहन करती हुईं। इसको भी कई लोगों ने लाइक किया है।
UP Lok sabha election Result 2019 से जुड़ी ताज़ा तरीन ख़बरों, LIVE अपडेट तथा चुनाव कार्यक्रम के लिए Download करें patrika Hindi News App