Heavy Rain Alert: इस बार प्री-मानसून से पहले ही बारिश शुरू हो गई है। ऐसे में मौसम विभाग ने 4,5 और 6 मई को भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
Heavy Rain Expected: उत्तर प्रदेश में पिछले तीन दिनों से जारी बूंदाबांदी और तेज हवाओं के असर से शुक्रवार को तापमान में गिरावट दर्ज की गई। कई इलाकों में दिनभर ठंडी हवाएं चलती रहीं, जिससे मई का पहला दिन सुहावना बना रहा।
गोरखपुर की बात करें तो यहां अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री, बलिया में 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, प्रदेश के 15 जिलों में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। यूपी के हरदोई में 17 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडी रात दर्ज की गई।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह की माने तो अगले 2 दिन उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। साथ ही धूप निकलने से तापमान में 6 से 8 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है। बारिश की बात करें तो 4 मई से नया विक्षोभ सक्रिय होगा। जिसकी वजह से एक बार फिर आंधी-बारिश की संभावना है। मई में तराई क्षेत्रों में लू के दिन सामान्य से अधिक रह सकते हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, 2 मई को पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जबकि पूर्वी यूपी में इन दोनों दिनों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती हैं। 4 मई से 6 मई के बीच फिर से दोनों मंडलों में कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ वज्रपात और बारिश की संभावना है।
NCR के लोगों के लिए एक बार फिर राहत भरी खबर सामने आई है। मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 3 और 4 मई को कई क्षेत्र में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। इस दौरान मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा, जिससे भीषण गर्मी और तेज धूप से परेशान लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण यह बदलाव हो रहा है, जिसका असर पहाड़ों पर बर्फबारी के रूप में और मैदानी इलाकों में बारिश एवं आंधी के रूप में दिखाई दे रहा है। 3 मई को तापमान में गिरावट के संकेत मिले हैं, जहां अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने विशेष रूप से चेतावनी दी है कि 3 मई की दोपहर और शाम के समय हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और बिजली गिरने की भी आशंका है। इसी तरह 4 मई को भी मौसम का यही रुख बना रहेगा।
इस दिन अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं जारी रह सकती हैं। 5 मई को भी मौसम विभाग ने बारिश और आंधी की संभावना जताई है।
IMD के पूर्वानुमान (Impact Based Forecast) के मुताबिक, ओलावृष्टि की सर्वाधिक संभावना बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर, बलिया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, हापुड़ और बुलंदशहर में है। इसके अलावा पूर्वी यूपी में प्रतापगढ़, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, उन्नाव, रायबरेली, गाजियाबाद और गौतम बुद्ध नगर में भी ओलावृष्टि हो सकती है।