नोएडा

‘अटल जी’ की रैली के बाद इस सीट पर पलट गया था पासा और पहली बार खिला था कमल

भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष नवाब सिंह नागर ने ताजा की अटल जी से जुड़ी यादें।

2 min read
Aug 17, 2018
Feature image

ग्रेटर नोएडा। दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी शुक्रवार शाम को पंचतत्व में विलीन हो गए। इस दौरान लाखों लोगों का हुजूम उनके अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़ा था। इस बीच उनके साथ समय गुजारने वाले लोग उनसे जुड़ी हुई यादों को ताजा करते हुए भावुक दिखाई दिए। इनमें से ही नोएडा के रहने वाले व भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष नवाब सिंह नागर भी एक हैं। वह दादरी से लगातार दो बार विधायक रहे हैं और एक बार प्रदेश सरकार में सिंचाई राज्यमंत्री भी रहे हैं।

आज उनके अंतिम दर्शन के लिए वह भी भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अटल बिहारी बाजपेयी की चर्चा करते हुए कहा कि अटल जी की रैली के बाद ही वे पहली बार विधायक चुने गए थे। दरअसल 1996 में दादरी विधानसभा से नवाब सिंह नागर भाजपा के प्रत्याशी थे। चुनाव प्रचार के दौरान उनको अन्य प्रत्याशियों के मुकाबले तीसरे नंबर पर माना जा रहा था। लेकिन जब अटल जी की सभा हुई तो उसके बाद पासा ही पलट गया।

दरअसल अटल जी ने विधान सभा चुनाव में दादरी से भाजपा प्रत्याशी नवाब सिंह नागर के समर्थन में मिहिर भोज कालेज में जनसभा को संबोधित किया था। इस दौरान मिहिर भोज कालेज में पैर रखने के लिए भी जगह नहीं बची थी। दादरी में पहली बार किसी नेता की सभा में इतनी अधिक भीड़ उमड़ी थी। उन्होंने अपने भाषण से जनता में ऐसी अमिट छाप छोड़ी की चुनाव प्रचार के दौरान तीसरे नंबर पर चल रहे भाजपा प्रत्याशी नवाब सिंह नागर 21 हजार वोटों से चुनाव जीत गए और दादरी में पहली बार कमल खिला। यह अटल जी की जनसभा का ही करिश्मा था कि आजादी के बाद पहली बार भाजपा ने दादरी में परचम लहराते हुए जीत हासिल की। इससे पहले तक दादरी में कांग्रेस और जनता दल का दबदबा रहता था।

Updated on:
17 Aug 2018 07:41 pm
Published on:
17 Aug 2018 07:37 pm