
अनंत में विलीन अटल, अंतिम यात्रा में करीब 5 किलोमीटर पैदल चले पीएम मोदी
नई दिल्ली: पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी जी का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। दिल्ली के स्मृति स्थल पर उनकी बेटी नमिता ने मुखाग्नि दी। तीनों सेना अध्यक्षों, राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री समेत नेताओं ने पूर्व पीएम को श्रद्धांजलि दी। इससे पहले दिल्ली के भाजपा मुख्यालय से राजघाट तक उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई । यात्रा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह, समेत कई दिग्गज नेता शामिल हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करीब पांच किलोमीटर तक अंतिम यात्रा में पैदल चलते रहे। पीएम मोदी भाजपा मुख्यालय दीनदयाल उपाध्याय मार्ग से स्मृति स्थल तक अटल जी के पार्थिव शरीर ले जा रहे ट्रक के पीछे-पीछे चलते रहे। इस दौरान सड़क की दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग अटल जी के अंतिम दर्शन के लिए खड़े रहे।
भाजपा मुख्यालय और स्मृति स्थल की दूरी पांच किलोमीटर
अटल बिहारी वाजपेयी की अस्तियां देश की प्रमुख नदियों में प्रवाहित की जाएगी। करीब 2: 30 बजे पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की अंतिम यात्रा भाजपा मुख्यालय से शुरू हुई। यात्रा में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस समेत लाखों लोग यात्रा में शामिल हुए। भाजपा मुख्यालय से राजघाट की दूरी करीब 5 किलोमीटर की थी। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। बता दें कि अटल बिहारी वाजपेयी का गुरुवार शाम 5: 05 बजे एम्स अस्पताल में निधन हो गया था। अटल जी 11 जून से एम्स में भर्ती थे।
अटल जी को श्रद्धांजलि देने विदेशी मेहमान भी पहुंचे
अटल जी को श्रद्धांजलि देने के लिए देश-विदेश से लोग नई दिल्ली पहुंचे। अटल बिहारी वाजपेयी के अंतिम संस्कार में शामिल होने वाले विदेशी नेताओं में भूटान, नेपाल, बांग्लादेश, पाकिस्तान, अफगानिस्तान और श्रीलंका के नेता शामिल रहे। दिल्ली पहुंचे भूटान के जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक ने अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि दी। इसके अलावा नेपाल, श्रीलंका और बांग्लादेश के विदेश मंत्रियों ने स्मृति स्थल पहुंचकर अटल जी को श्रद्धांजलि दी। इसके साथ ही अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति हामिद करजई ने भी अटल जी को श्रद्धांजलि दी। करजई को अटल बिहारी वाजपेयी का करीबी मित्र माने जाते हैं। अटल जी को श्रद्धांजलि देने वालों में ब्रिटेन के राजदूत भी शामिल हुए । अटल जी को श्रद्धाजलि में अमरीका, ब्रिटेन, मॉरिशस , पाकिस्तान, नेपाल भूटान के झंडा को झुका दिया गया था।
Published on:
17 Aug 2018 07:26 pm
बड़ी खबरें
View Allराजनीति
ट्रेंडिंग
