1 जनवरी से शुरू हो जाएगी सेक्टर-18 में बन चुकी शहर की पहली मल्टीलेवल पार्किंग
नोएडा। प्राधिकरण की 193वीं बोर्ड मीटिंग में भले ही शहरवासियों को कोई खास सौगात नहीं मिली हो, लेकिन नए साल यानि जनवरी-2018 में प्राधिकरण की कई साल से लटकती चली आ रही दो परियोजनाओं को शुरू किया जाएगा। इससे शहरवासियों को इनका भरपूर लाभ मिलेगा। नए साल पर शुरू होने वाले प्रोजेक्टों में सेक्टर-18 में बन चुकी शहर की पहली मल्टीलेवल पार्किंग व दूसरा सेक्टर-108 में तैयार किया गया ट्रैफिक पार्क है। जहां 1 जनवरी को मल्टीलेवल पार्किंग का उद्घाटन हो जाएगा, वहीं ट्रैफिक पार्क का औपाचारिक उद्घाटन 24 जनवरी को किया जाएगा।
मल्टीलेवल पार्किंग में खड़ी हो सकेंगी तीन हजार कार
सेक्टर-18 बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण जुलाई -2013 में शुरू किया गया था। इस पार्किंग की क्षमता 3000 वाहनों की है। इसे अत्याधुनिक कार्यप्रणाली से लैस किया गया है। पार्किंग के निर्माण में 150 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं और सात बार इसकी डेड लाइन में बदलाव किया गया था। फिलहाल 1 जनवरी से इसे आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। इसके बाद सेक्टर-18 में पार्किंग की वजह से लगने वाले जाम से लोगों को निजात मिल सकेगी। पार्किंग में देरी होने की वजह से कई बार निर्माण सामग्री की जांच भी की गई। इसके अलावा कंपनी द्वारा धीमी गति से काम करने के लिए प्राधिकरण द्वारा कंपनी पर एक करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना तक लगाया जा चुका है। फिलहाल अब पार्किंग पूरी तरह से तैयार है। लिहाजा एक जनवरी से इसे शुरू किया जाएगा।
ट्रैफिक पार्क में मिलेगी नियमों की जानकारी
सेक्टर-108 में ट्रैफिक पार्क बनाया गया है। करीब आठ एकड़ में बन रहे इस पार्क की शुरुआत पांच साल पहले की गई थी, लेकिन धीमी गति के चलते इसका निर्माण पूरा नहीं किया जा सका। पार्क का मुख्य उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों से वाकिफ कराना है। साथ ही इसे एक ट्रेनिंग सेंटर के रूप में विकसित किया जा रहा है। पार्क का औपचारिक उद्घाटन 24 जनवरी को किया जाएगा। इसमे एक टॉय ट्रेन चलाने का प्रस्ताव भी है। पार्क को पांच डिवीजन में बांटा गया है। एक सेक्शन जिक-जैक शेप में बनाया गया है, जिसमें ट्रैफिक सिग्नल से लेकर सड़क पर चलने वाले यातायात सिंबल तक बनाए गए हैं। हालांकि, पार्क में लगी निर्माण सामग्री को लेकर शासन स्तर के अधिकरियों द्वारा प्राधिकरण इंजीनियर को फटकार तक लग चुकी है। फिलहाल अब इसका निर्माण अंतिम चरण में है।
शहरवासियों को मिलेगा फायदा
प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रोजेक्ट इंजीनियर संदीप चंद्रा ने बताया कि जनवरी में शहर में बनकर तैयार हो चुके दो बड़े प्रोजेक्टों की शुरुआत हो जाएगी। इससे लोगों को काफी लाभ मिलेगा।