नोएडा

यूपी के इस सरकारी ऑफिस में बिना पास के नहीं मिलती है एंट्री

नोएडा के आरटीआई एक्टिविस्‍ट के पूछने पर दिया गया जवाब, दूरदराज से आने वाले लोगों को होती है काफी परेशानी
2 min read
Nov 18, 2017
noida

नोएडा। प्राधिकरण सार्वजानिक कार्यालय होने के बावजूद जनता के साथ सौतेला व्यवहार करता है और प्राइवेट कंपनियों की तरह यहां भी पास बनाने का मनमाना कानून बनाया गया है। देश में ऐसा कहीं और नहीं है क‍ि सरकारी कार्यालयों में जाने के लिए व अपने कार्य करवाने के लिए एक समय सीमा के भीतर पास बनवाने पड़ें। ऐसा कहना है नोएडा के रहने वाले रंजन तोमर का। उन्होंने प्राधिकरण में लोगों के जाने के समय को लेकर एक आरटीआई भी दायर की है।

एंट्री पास के बिना नहीं मिलता प्रवेश

आरटीआई एक्टिविस्‍ट रंजन तोमर ने बताया कि प्राधिकरण में प्रवेश के लिए आपका एंट्री पास बनाया जाता है। इतना ही नहीं इसे जारी करने का समय भी है। वह प्राधिकरण में अपने एक काम से गए थे और वहां जाने पर उन्‍हें पता चला कि समय सीमा खत्म होने के बाद अब उनका पास बनाया ही नहीं जा सकता। इस पर उन्होंने आरटीआई लगाकर पूछा के क्या वाकई ऐसा कोई कानून बनाया गया है और यदि हां तो कब और किसने। इसके जवाब में प्राधिकरण ने कहा कि मुख्य कार्यपालक अधिकारी महोदय के कार्यालय आदेश संख्या नोएडा/मु. का. अ./2016/28 दिनांक 31. 3 . 17 के तहत सुबह 9.30 से 1.30 बजे तक पास जारी किये जाते हैं।

प्राधिकरण उड़ा रहा संविधान का मजाक

उन्‍होंने प्राधिकरण की इस नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि संविधान की धारा 14 के तहत देश का संविधान सभी नागरिकों को सामान अधिकार देता है, तो फिर हमारे जिले में ही नोएडा प्राधिकरण जैसे सार्वजनिक कार्यालय में यह बंदिशें लगाने का क्या मतलब बनता है? क्यों हमारे अधिकारों का हनन किया जा रहा है? शहर में 81 गांव हैं, जो दूर-दूर भी हैं और हर किसी के पास अपना वाहन नहीं है। 150 से ज़्यादा सेक्टर हैं ,जिनकी समस्याएं दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही हैं। कहा यह भी जाता है के दोपहर के साढ़े बारह बजे ही पास बनवाने बंद कर दिये जाते हैं, जिससे दूरदराज से आने वाले लोगों को काफी परेशानी होती है।

Published on:
18 Nov 2017 11:34 am