कोतवाली सेक्टर-49 पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
नोएडा। ग्रेटर नोएडा में एक इंजीनियर से बिल्डर के पास काम दिलाने का झांसा देकर युवक ने दो लाख रुपए ठग लिए। इंजीनियर का आरोप है कि आरोपी ने खुद को बिल्डर की मार्केटिंग टीम का हेड बताया था। उसने इंजीनियर को एक शख्स को बिल्डर बताकर मिलवाया भी था। पीड़ित ने रविवार को मामले की शिकायत कोतवाली सेक्टर-49 पुलिस से की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
काम दिलाने के नाम पर लिए रुपए
मूलरूप से मधेपुरा बिहार निवासी अब्दुल वहाब वैशाली गाजियाबाद में परिवार के साथ रहते हैं। वह पेशे से सिविल इंजीनियर हैं। वह गुड़गांव में एक प्राइवेट बिल्डर का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि एक दोस्त के जरिए उसकी मुलाकात हिंडन विहार नोएडा निवासी सुरेश कुमार से हुई। सुरेश ने उन्हें बताया कि वह ग्रेटर नोएडा में एक बिल्डर के यहां मार्केटिंग टीम के हेड हैं। अगर वह बिल्डर के यहां बिल्डिंग कॉन्ट्रेक्ट काम लेना चाहते हैं, तो उन्हें कमीशन के तौर पर दो लाख रुपए देने होंगे। अब्दुल ने बताया कि सुरेश ने बीती 8 नवंबर को उसे ग्रेटर नोएडा में बिल्डर की साइट दिखाई और कहा कि उसने बिल्डर से काम के लिए बात कर ली है। अब्दुल ने बताया कि 15 नवंबर को सुरेश ने उन्हें ग्रेटर नोएडा में एक व्यक्ति से मिलवाया और कहा कि यही बिल्डर हैं। फिर काम को लेकर बात हुई और 20 नवंबर से काम शुरू करने को कहा। बिल्डर के जाने के बाद उन्होंने सुरेश को कमीशन के तौर पर दो लाख रुपए दे दिए।
साइट पर पहुंचने के बाद लगा धोखाधड़ी का पता
20 नवंबर को अब्दुल वहाब ग्रेटर नोएडा की साइट पर काम शुरू करने पहुंचे तो पता चला कि यह साइट किसी और बिल्डर की है। उन्होंने तुरंत सुरेश और आरोपी बिल्डर को फोन मिलाया, दोनों का मोबाइल स्विच ऑफ मिला। पीड़ित को बिल्डर साइट पर पूछताछ में पता चला कि उसके साथ धोखाधड़ी हुर्इ है। इसके बाद उन्होंने रविवार को इसकी शिकायत कोतवाली सेक्टर-49 पुलिस को दी। सेक्टर-49 थाना प्रभारी विनय सिंह का कहना है कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।