Highlights सेक्टर-76 और परी चौक मेट्रो स्टेशन बनेंगे पिंक मेट्रो सटेशन महिलाओं को ध्‍यान में रखते हुए दी जाएंगी विशेष सुविधाएं सभी 21 मेट्रो स्‍टेशनों पर फ्री मिलेंगे सैनिटरी पैड
नोएडा। 8 मार्च (March) को पूरी दुनिया में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (International Women's Day) मनाया जाएगा। इस दिन एनएमआरसी (NMRC) ने महिलाओं को विशेष तोहफा देने की तैयारी की है। नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (NMRC) महिला दिवस के अवसर पर दो मेट्रो स्टेशनों को पिंक मेट्रो स्टेशन घोषित करेगा। ये दोनों मेट्रो स्टेशन एक्वा लाइन के हैं। इसमें महिलाओं को कई सुविधाएं दी गई हैं।
ये सुविधाएं मिलेंगी
एनएमआरसी एक्वा लाइन के सेक्टर-76 और परी चौक मेट्रो स्टेशन को पिंक मेट्रो स्टेशन के तौर पर डेवलप करेगा। इन मेट्रो स्टेशन की कमान महिलाओं के हाथ में रहेगी। दोनों स्टेशनों पर महिलाओं को ध्यान में रखते हुए विशेष सुविधाएं दी जाएंगी। दोनों मेट्रो स्टेशनों को गुलाबी रंग में रंगे होने की वजह अलग से ही पहचान लिया जाएगा। इन स्टेशनों पर बच्चों को स्तनपान कराने के लिए रूम, डायपर बदलने, मेकअप और चेंजिंग रूम की सुविधा भी मिलेगी। यहां पूरा महिला स्टाफ तैनात करने की तैयारी की जा रही है।
कई जगह लगे बोर्ड
एक्वा लाइन का सेक्टर-76 मेट्रो स्टेशन पर यह तैयारी दिख रही है। स्टेशन की कई दीवारें पिंक हो चुकी हैं। कई जगह पिंक स्टेशन के बोर्ड भी लग चुके हैं। परी चौक मेट्रो स्टेशन पर भी इसकी झलक दिख रही है। 8 मार्च को महिला दिवस के मौके पर एनएमआरसी की एमडी रितु माहेश्वरी इन मेट्रो स्टेशन का लोकार्पण करेंगी।
मेट्रो स्टेशनों पर लगी वेंडिंग मशीन
इसके साथ ही महिला दिवस पर एनएमआरसी महिलाओं को एक और सुविधा देने जा रही है। एनएमआरसी के सभी 21 मेट्रो स्टेशनों पर फ्री सैनिटरी पैड की सुविधा दी जाएगी। इसमें बिल्डर ग्रुप सहयोग कर रहा है। महिलाएं यहां से टोकन लेकर वेंडिंग मशीन से सैनिटरी पैड ले सकती हैं। सभी मेट्रो स्टेशनों पर वेंडिंग मशीन लगा दी गई हैं। 8 मार्च से यह सुविधा मिलने लगेगी। महिलाएं स्टेशन पर ही स्टाफ से फ्री टोकन ले सकेंगी।