
नोएडा। कोरोना वायरस को लेकर देशभर में 21 दिन का लॉकडाउन घोषित किया है। जिसके चलते लोगों से घरों के अंदर ही रहने की अपील की गई है। वहीं गौतमबुद्ध नगर में इसका सख्ती से पालन कराया जा रहा है। उधर, अब लॉकडाउन पर नजर रखने के लिए गौतमबुद्ध नगर पुलिस ड्रोन की मदद ले रही है।
इस बाबत जानकारी देते हुए पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने बताया कि जनपद गौतमबुद्ध नगर में ड्रोन कैमरे की मदद से भी सतत निगरानी की जा रही है। जनपद में धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा प्रभावी है, अतः अनावश्यक, गैर जरूरी घर से बाहर निकलने वालों, आवश्यक वस्तुओं की जमाखोरी करने वालों तथा भीड़ लगाने वालो पर पुलिस की नजर है ।
उन्होंने बताया कि ड्रोन के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों का सर्विलांस किया जा रहा है कि कहीं लोग इकट्ठा तो नहीं हो रहे है तथा कहीं पर आवश्यक वस्तुओं की जमाखोरी तो नहीं हो रही है। पुलिस इन सब पर नजर बनाये हुए है तथा वैज्ञानिक सबूत जुटाकर दोषियों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई करेगी। ड्रोन कैमरे की मदद से बड़े इलाके पर नजर रखी जा सकती है, साथ ही इससे लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालो की वीडियो फुटेज लाइव मिलेगी। जिससे कि ऐसे लोगों पर एक्शन लेने में आसानी होगी। आवासीय क्षेत्रों में, सार्वजनिक स्थानों पर व औधोगिक क्षेत्रों तथा सड़को पर ड्रोन कैमरे की मदद से कड़ी नजर रखी जायेगी ।
उन्होंने बताया कि लॉकडाउन का मुस्तैदी से पालन करवाने के लिए गौतमबुद्ध नगर पुलिस वैज्ञानिक तकनीक व दूसरे अन्य कई विकल्पों का इस्तेमाल कर रही है। लोगों को बेवजह घरो से बाहर निकलने से रोकने के लिए आर.ए.एफ. व अन्य सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है । अब इसमें ड्रोन कैमरो की भी मदद ली जा रही है। कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने हेतु लॉकडाउन व सोशल डिस्टैंसिंग का कड़ाई से अनुपालन करने की अपेक्षा है। पुलिस अधिकारियों व थानाध्यक्षओं से भी पेट्रोलिंग बढ़ाने तथा लाउडस्पीकर के माध्यम से जनता को लॉकडाउन अवधि में अनावश्यक घरों से बाहर न निकलने तथा सोशल डिस्टैंसिंग के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिये गए हैंं।