प्रदेश का आईना कहे जाने वाले शहर को जल्द ही अनोखी पहचान मिलेगी।
नोएडा। प्रदेश का आईना कहे जाने वाले नोएडा में पर्यटकों को बढ़ावा देने के लिए ओखला पक्षी विहार के पुनर्विकास एवं उन्नयन कार्यों की एक महत्वकांक्षी परियोजना का शिलान्यास पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डा. हर्षवर्धन ने किया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय मंत्री डा.महेश शर्मा ने ने की। एक वर्ष में इस परियोजना को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है जिसके पूरा होते ही नोएडा का ओखला पक्षी विहार देश का सबसे बड़ा दर्शनीय स्थल बन जाएगा।
नोएडा का ओखला पक्षी विहार भारत के पर्यटन की नई पहचान बनेगा। अंतरराष्ट्रीय मानकों पर के अनुरूप इसे विकसित किया जाएगा जिसके बनने के बाद यमुना से लेकर पक्षी विहार तक हरियाली ही नजर आएगी। ये बातें अंतरराष्ट्रीय वन दिवस के मौके पर पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डा. हर्षवर्धन ने ओखला पक्षी विहार के पुनर्विकास एवं उन्नयन कार्यों का शिलान्यास करने के बाद लोगो को संबोधित करते हुए कही। वन और प्रदूषण को बचाने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि पर्यावरण का संरक्षण का काम सरकार अकेले नहीं कर सकती है। उन्होंने लोगों से अपील की ग्रीन सोसल रिसपॉन्सबिलटी को निभाएं।
इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि दो वर्ष में दुनिया के सभी देशों में वन क्षेत्र कम हुआ है, लेकिन हमने दो वर्षों में एक प्रतिशत वन क्षेत्र यानि आठ हजार किलोमीटर के क्षेत्र में वन क्षेत्र को विकसित किया है। उन्होंने कहा कि ओखला पक्षी विहार देश के 467 पक्षी क्षेत्रों में से एक है। इस लिहाज से यह प्रदेश में 400 हेक्टेयर व दिल्ली में 120 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला है।
इसे पक्षियों के प्रवास के साथ उनके संरक्षण के लिहाज से विकसित किया जाएगा। यहां अत्याधुनिक आडिटोरियम, अंतरराष्ट्रीय स्तर के वॉच टावर, पर्यटकों के लिए साइकिल ट्रैक, सीसीटीवी कैमरों से सुरक्षा का घेरा तैयार किया जाएगा। इसके साथ यहां स्मारिका दुकान, पार्किंग की सुविधा, धूमने के लिए बैटरी से चलने वाले वाहनों की सुविधा दी जाएगी ताकि यहां पक्षियों की संख्या में लगातार इजाफा किया जा सके।