नोएडा

आईपीएल मैच के दौरान बिजली कटने से नाराज दबंग ने सब-स्टेशन ऑपरेटर को गोलियों से भूना

दादरी कोतवाली क्षेत्र के धूम मानिकपुर गांव स्थित बिजली सब-स्टेशन का मामला
2 min read
• •
Updated: 21 Apr 2018, 11:48 AM IST
noida

नोएडा. देश में चल रहे आईपीएल के समय बिजली काटे जाने से नाराज एक दबंग पिस्टल लेकर बिजली सब-स्टेशन पहुंच गया। स्टेशन आॅपरेटर को बिजली चालू करने को कहा, लेकिन स्टेशन आॅपरेटर ने मौसम खराब होने और तेज आंधी तूफान के कारण बिजली चालू करने से इनकार कर दिया। इससे नाराज दबंग ने बिजली सब स्टेशन के ऑपरेटर की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान सेना से पूर्व सैनिक सतवीर सिंह के रूप में हुई है, जो धूम मानिकपुर गांव स्थित बिजली सब-स्टेशन में संविदा पर सब स्टेशन ऑपरेटर के रूप में कार्यरत था।

दरअसल, मामला दादरी कोतवाली क्षेत्र के धूम मानिकपुर गांव स्थित बिजली सब-स्टेशन का है। बिजली विभाग के अधिकारी के अनुसार शुक्रवार की शाम आठ बजे के करीब तेज आंधी तूफान आया। इसे देखते हुए ऑपरेटर ने क्षेत्र की बिजली काट दी। उनके मुताबिक इस बात से नाराज बढ़पुरा गांव निवासी नीटू गुर्जर बिजली के सब स्टेशन पर पहुंचा। उसने स्टेशन ऑपरेटर सतवीर सिंह तोमर से बिजली आपूर्ति बहाल करने का दवाब बनाया तो इसे लेकर दोनों के बीच बहस हो गयी। भड़के नीटू गुर्जर ने रिवाल्वर से सतवीर के ऊपर गोली चला दी। तीन गोली सतबीर के पेट व छाती में लगते ही वह जमीन पर गिरकर बेहोश हो गए। ऑपरेटर को गोली मारने की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो गया। इसके बाद बेहोश सतवीर को दादरी के निजी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ से पता चला कि गोली बढ़पुरा गांव के रहने वाले नीटू गुर्जर ने मारी है, जिससे 55 वर्षीय सतवीर की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है।

Updated on:
21 Apr 2018, 11:48 AM IST
Published on: