नोएडा

नोएडा से मोदीनगर तक का सफर होगा आसान, यात्रियों को मिलेगी राहत

मोदीनगर से नोएडा जाने वाले दैनिक यात्रियों के लिए अब ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर बस सेवा शुरू की गई है। यह बस सेवा यूपी रोडवेज ने शुरू की। इससे मेरठ, मोदीनगर से नोएडा जाने वाले यात्रियों को आसानी होगी। जो यात्रा दो घंटे में पूरी होती थी वह अब मात्र 40 मिनट में पूरी हो सकेगी।
1 minute read
Nov 12, 2021
noida_to_modinagar.jpg

नोएडा. मेरठ और मोदीनगर से नोएडा जाने वाले दैनिक यात्रियों के लिए अब रोडवेज ने नोएडा डिपो से पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे होते हुए जाने वाली बस सेवा शुरू की है। इससे आधे समय में यात्री अपने ऑफिस पर पहुंच सकेंगे। यह बस सेवा शुरू होने से मोदीनगर से नोएडा की दूरी मात्र 50 मिनट में पूरी हो सकेगी।

अभी तक दैनिक यात्रियों को मोहननगर होते हुए नोएडा जाना पड़ता था जिसमें करीब 2 घंटे का समय बर्बाद होता था। इतना ही नहीं इस रूट पर जाम का भी झंझट रहता था। लेकिन अब ईस्टर्न पेरिफरल एक्सप्रेस-वे पर रोडवेज ने 10 बसें नोएडा और मोदीनगर के लिए चलानी शुरू कर दी हैं। रोजाना सुबह साढ़े पांच बजे और दिन में अंतिम बस रात आठ बजे यात्रियों को मिलेगी।

नोएडा डिपो और मोदीनगर से आवाजाही करने वाली बसों का रूट सेक्टर- 57, ममूरा, सेक्टर- 62, लालकुंआ, डासना, दुहाई से मुरादनगर होते हुए मोदीनगर को जा रही हैं। वहीं, रोडवेज द्वारा इस रूट पर 10 बसों के संचालन में तीन नई बसों का उपयोग किया जा रहा है। इस दौरान मोहननगर से जाने वाली बसों का संचालन भी जारी है। साथ ही सुविधा बढ़ने के साथ बस के किराये में भी वृद्धि देखने को मिली है। नोएडा डिपो से मोदीनगर जाने वाले यात्रियों को पहले 54 रुपये देने पड़ते थे। अब 65 रुपये चुकाने पड़ेगे।

एआरएम एनपी सिंह ने बताया कि पेरिफेरल से मोदीनगर जाने वाली बस के यात्रियों को इससे सुविधा मिलेगी। रीजनल मैनेजर विजय कुमार ने बताया कि बस सेवा के परिणाम उत्साहजनक हैं। पहले ही दिन इसके लिए यात्रियों में उत्साह देखा गया है।

Published on:
12 Nov 2021 03:00 pm