नोएडा

सावन: घर में लाएं भोलेनाथ की ये 10 मनपसंद चीजें, धन लाभ के साथ हर मुराद होगी पूरी

घर में भगवान शिव की मनपसंद चीजें लाने से भगवान शिव की कृपा बरसेगी

3 min read
Jul 29, 2018
सावन: घर में लाएं भोलेनाथ की ये 10 मनपसंद चीजें, धन लाभ के साथ हर मुराद होगी पूरी

नोएडा. सावन शुरू होते ही शिवालयों में भोलेबाबा के जयकारे गूंजने लगे हैं। मंदिरों में शिव भक्तों की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई है। श्रद्धालु भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना कर रहे हैं। वहीं शिव भक्तों की कांवड़ यात्रा भी शुरू हो चुकी है। भोलेबाबा को प्रसन्न करने और मनचाहा फल पाने के लिए लोग शिव भक्ति में लीन हो गए हैं। पंडित चंद्रशेखर शर्मा बताते हैं कि सावन भगवान शिव का प्रिय माह है। इस माह घर में भगवान शिव की मनपसंद चीजें लाने से भगवान शिव की कृपा बरसती है। सावन के दौरान घर में अगर भोलेनाथ से संबंधित 10 चीजों को लाया जाय ताे घर में शुभता के साथ धन की वृद्धि होती है। वहीं ये चीजें वास्तु के अनुसार भी सुख-समृद्धि के साथ पॉजिटिविटी का ऊर्जा का संचार करती हैं।

ये भी पढ़ें

सावन में बिल्व पत्र का है विशेष महत्व, शिवलिंग पर अर्पित करने से भोलेनाथ की बरसेगी कृपा

त्रिशूल
त्रिशूल भगवान शिव के हाथों की शोभा होता है। त्रिशूल को 3 देव और 3 लोक का प्रतीक माना जाता है। इसलिए सावन में घर में चांदी का त्रिशूल लाने से वर्षभर आपदाओं से रक्षा होती है।

रुद्राक्ष
हिंदू धर्म में सुख, सौभाग्य और समृद्धि के लिए तथा मन की पवित्रता के लिए असली रुद्राक्ष को घर में लाएं या फिर घर में रखे रुद्राक्ष को चांदी में गढ़वा कर पहनें। यह आपके जीवन के लिए अत्यंत शुभ और समृद्धिदायक होगा।

डमरू
यह शिव का पवित्र वाद्य यंत्र है। इसकी पवित्र ध्वनि से आसपास से समस्त नकारात्मक शक्तियां दूर भागती हैं। आरोग्य के लिए भी डमरू की ध्वनि असरकारक मानी गई है। सावन मास लाकर रखें और अंतिम दिन किसी बच्चे को यह डमरू उपहार में दें।

चांदी के नंदी
नंदी शिव जी का गण है और वाहन भी। सावन में चांदी के नंदी को घर में लाकर माहभर पूजा करें तो यह आर्थिक संकटों से मुक्ति दिलाता है।

जल पात्र
जल शिव को अत्यंत प्रिय है। सावन में गंगाजल लाकर घर में रखें और माहभर पूजन करें। चांदी, तांबे या पीतल का पात्र लाकर उसमें शुद्ध स्वच्छ निर्मल जल भरें और प्रतिदिन उसे शिवजी अर्पित कर पुन: भरकर रख दें। यह प्रयोग भी धन के आगमन के लिए सबसे अधिक प्रभावी है।

सर्प
भगवान शिव के गले में सर्पराज हर घड़ी रहते हैं। इसलिए सावन में चांदी के नाग-नागिन के जोड़े को घर में लाकर रखें। हर दिन पूजन करें और सावन के अंतिम दिन उसे किसी शिव मंदिर में ले जाकर रख दें। यह प्रयोग आपको पितृ दोष और काल सर्प योग से राहत देता है।

चांदी की डिब्बी में भस्म
किसी भी शिव मंदिर से भस्म लाकर उसे नई चांदी की डिब्बी में लाकर रखें। माह भर उसे पूजन में शामिल करें और बाद में तिजोरी में रख दें। बरकत के लिए यह अचूक प्रयोग है।

चांदी का कड़ा
भगवान शिव पैरों में चांदी का कड़ा धारण करते हैं। सावन मास यह घर में लाकर रखने से तीर्थ यात्रा और विदेश यात्रा के शुभ योग बनते हैं।

चांदी का चंद्र या मोती
भगवान शिव के मस्तक पर चंद्रमा विराजित है। इसलिए सावन में चांदी के चंद्रदेव लाकर पूजन में रखें। अगर संभव हो तो सच्चा मोती भी ला सकते हैं। मोती चंद्र ग्रह की शांति करता है। इसे करने से चंद्र ग्रह की शांति तो होती ही है साथ ही मन भी मजबूत होता है।

चांदी के बिल्व पत्र
हम पूरे सावन में शिव जी को बिल्व पत्र अर्पित करते हैं, लेकिन कई बार शुद्ध अखंडित बिल्वपत्र मिलना संभव नहीं होता। ऐसे में चांदी का बिल्वपत्र लाकर प्रतिदिन शिवजी को अर्पित करने से करोड़ों पापों का नाश होता है और घर में शुभ कार्यों का संयोग बनता है।

ये भी पढ़ें

सावन के इन गानों पर के दीवाने हुए कांवरियां, Download करने के लिए Google और Youtube पर कर रहे सर्च
Published on:
29 Jul 2018 09:22 am
Also Read
View All