
नोएडा। करीब एक महीने के बाद अब नोएडा सेक्टर 123 में बनने वाले डंपिंग ग्राउंड का विवाद खत्म होता नजर आ रहा है। अथॉरिटी के हथियार डालने के बाद अब जिला प्रशासन ने अस्थाई समाधान निकाला है जिसके तहत अब यह कूड़ा सेक्टर 123 की जगह ग्रेटर नोएडा के खोदना खुर्द में डाला जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि इस साइट के असापास करीब दो-ढाई किमी तक कोई आबादी नहीं है। हालकि कूड़ा फेके जाने की खबर मिलते ही आस-पास के गांव वालों ने भी विरोध करना शुरू कर दिया है। लोगों के भारी विरोध के बाद आखिरकार नोएडा अथॉरिटी का सेक्टर 123 में डंपिंग ग्राउंड बानाने का फैसला रदद् करना पड़ा। सीएम योगी के हस्तक्षेप के बाद किसी भी तरह ये विवाद सुलझ सका है। मामले को संज्ञान में लेते हुए जिलाधिकारी बीएन सिंह ने कहा कि खोदना खुर्द में अस्थायी डंपिंग ग्राउंड बनाया जाएगा। क्योंकि वहां नोएडा प्राधिकरण की करीब 7 एकड़ जमीन है। इस साइट के असापास दो-ढाई किमी तक कोई आबादी भी नहीं है। साथ ही उन्होंने कहा कि स्थायी रूप से डंपिंग ग्राउंड बनाने के लिए एक कमेटी का गठन किया जा रहा है।
आज से डाला जाएगा कूड़ा-
जिलाधिकारी ने बताया कि सोमवार यानी आज से से खोदना में कूड़ा डाला जाएगा। जिलाधिकारी ने शहर के लोगों से कचरा प्रबंधन से मुद्दे पर सहयोग की अपील की है। उनका कहना है कि कूड़ा निस्तारण शहर के हर नागरिक की जिम्मेदारी है। पिछले 6 महीने में जहां भी कूड़ा डालना शुरू किया गया है पब्लिक ने उसका विरोध किया है। खोदना खुर्द में अस्थायी कूड़ा निस्तारण होगा। हालाकि जिला प्रशासन के फैसले का एक बार फिर आस-पास के लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया। जिस पर उन्होंने कहा कि जो लोग विरोध कर रहे हैं उनसे बातचीत कर रास्ता निकाला जा रहा है।
आस-पास के गावों को स्पेशल पैकेज-
खोदना खुर्द के आस-पास के गावों ने जब इसका विरोध करना शुरू किया तो जिला प्रशासन ने विशेष पैकेज देने का फैसला लिया है। जिसके तहत अथॉरिटी उन्हें मॉडल विलेज के तौर पर डिवेलप करेगी। गांव के पार्क, सड़कें, कम्यूनिटी सेंटर, नाले, नालियां आदि की बेहतर सुविधा दी जाएगी। इसके अलावा मुफ्त स्वास्थ्य चिकित्सा, प्राइवेट स्कूलों में दाखिला, रोजगार के साधन सहित कई सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
स्थाई डंपिंग ग्राउंड के लिए कमेटी-
जिलाधिकारी ने बताया कि स्थायी रूप से जिले में कूड़े का निस्तारण के लिए कमेटी गठित होगी, जिसमें जिला प्रशासन, नोएडा अथॉरिटी, पर्यावरण विशेषज्ञ, शहर के लोग, प्रदूषण विभाग आदि सभी लोगों को शामिल किया जाएगा। सबकी सहमती के बाद जगह का निर्धारण होगा। जहां पर नोएडा अथॉरिटी कूड़ा के स्थायी निस्तारण के लिए वेस्ट टु एनर्जी प्लांट व लैंडफिल साइड लगाएगी या इसके अलावा भी कूड़ा निस्तारण का जो अच्छा तरीका होगा उसका फैसला लिया जाएगा।