
ग्रेटर नोएडा. ग्रेना वेस्ट के सेक्टर-2 में एक परिवार के दो सदस्यो में कोरोना वायरस की पुष्टि होने के बाद कोरोना पीड़ित लोगों की संख्या गौतमबुद्धनगर में बढ़कर आठ हो गई है। नए दोनों मरीज मां-बेटे हैं, दोनों 15 मार्च को ही डेनमार्क से लौटे थे। दोनों को ग्रेनो के जिम्स में भर्ती कराया है। वहीं इनके संपर्क में आए 10 लोगों को गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में बने कॉरेंटाइन में रखा गया है। शनिवार को भी ग्रेटर नोएडा के अल्फा-वन सेक्टर में एक शख्स कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया था। जिलाधिकारी गौतमबुद्ध नगर के आदेश के बाद अल्फा-वन सेक्टर को 23 मार्च तक के लिए सील कर दिया गया है। इसके साथ ही सेक्टर-2 को भी सील करते हुए जिला प्रशासन व ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी सैनिटाइज करने में जुटे हैं।
जिले में लगे जनता कर्फ़्यू के बीच ग्रेटर नोएडा में दो और कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि स्वास्थ्य विभाग ने की है। सीएमओ अनुराग भार्गव के अनुसार, युवक नोएडा की बहुराष्ट्रीय कंपनी में काम करता है। बीमारी से पीड़ित 37 वर्षीय युवक और उनकी मां 15 मार्च को डेनमार्क से लौटे थे। लौटने के बाद युवक में कोरोना के लक्षण पाये गए, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने 19 मार्च को युवक का नमूना लिया। अगले दिन उसकी मां में भी कोरोना के लक्षण मिलने पर स्वास्थ्य विभाग ने नमूना लिया। रविवार को दोनों कोविड 19 पॉजिटिव पाए गए। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोनों को इलाज के लिए जिम्स भेज दिया गया है। वहीं इनके संपर्क में आए 10 लोगों को गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में बने कोरेंटाइन में रखा गया है।
बता दें कि जहां-जहां पर भी कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई है। उन इलाकों और सेक्टर को सील करते हुए जिला प्रशासन व ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी सैनिटाइज करने में जुटे हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, जिले में अब तक 297 लोगों की जांच की गई है, जिनमें से 227 निगेटिव और 8 पॉजिटिव पाए गए हैं। वहीं 68 लोगों की रिपोर्ट आनी बाकी है। स्वस्थ विभाग के अनुसार कोराना वायरस से संक्रमित मरीजों की हालत स्थिर है। कोई भी संक्रमित गंभीर स्थिति में नहीं है।
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कोरोना वायरस के प्रकोप के मद्देनजर महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पहले चरण में राजधानी लखनऊ समेत 15 जिलों को अगले तीन दिन के लिए 'लॉकडाउन' कर दिया है। इन जिलो में गौतमबुद्ध नगर भी शामिल है। इन जनपदों को 23 से 25 मार्च तक पूरी तरह लॉक डाउन किया जाएगा।