
UP International Trade Show: नोएडा में शुक्रवार को यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का उद्घाटन करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने योगी सरकार की तारीफ की। उन्होंने सपा-बसपा के शासन पर निशाना साधते हुए कहा कि उस दौर में प्रदेश में अपराध की इंडस्ट्री और कट्टा-तमंचे का कुटीर उद्योग चलता था। आज उसी जगह डिफेंस कॉरिडोर बन चुका है। शाह ने कहा कि अमेठी में बनी राइफल नक्सलियों और आतंकियों की नींद उड़ा चुकी है। उन्होंने यह भी कहा कि यूपी में बनी ब्रह्मोस मिसाइलें पाकिस्तान की नींद उड़ा देती हैं। इस दौरान शाह ने सीएम योगी के साथ ट्रेड शो का जायजा भी लिया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था और निवेश के माहौल में बदलाव का दावा किया। उन्होंने कहा कि एक समय प्रदेश में माफियाओं का शासन चलता था, लेकिन आज भाजपा ने प्रदेशभर में माफियाओं को खत्म करने का काम किया है। शाह ने कहा कि निवेश के लिए बेहतर कानून-व्यवस्था जरूरी है और यूपी में इसे मजबूत किया गया है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज एक ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी की दिशा में आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में 2,400 से ज्यादा एमओयू हुए हैं और हजारों करोड़ रुपये का निवेश आया है। शाह ने दावा किया कि इस बार यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो पिछले साल के सभी रिकॉर्ड तोड़ने में सफल होगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा राज्य है, जहां पर्याप्त भूमि, मेहनती कारीगर और उद्योगों के लिए बेहतर वातावरण मौजूद है।
अमित शाह ने साल 2013 की इन्वेस्टर्स कॉन्फ्रेंस का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय यूपी सरकार ने निवेशकों को बुलाने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया था, लेकिन इसे दिल्ली में करना पड़ा था। उन्होंने कहा कि उस दौर में कानून-व्यवस्था की स्थिति ऐसी थी कि निवेशक यूपी आने से डरते थे। शाह ने कहा कि आज यूपी भयमुक्त है। उनके मुताबिक, उस समय किसी ने नहीं सोचा था कि आगे चलकर नोएडा, काशी और झांसी जैसे शहरों में भी इस तरह की इन्वेस्टर्स कॉन्फ्रेंस हो सकेंगी।
अमित शाह ने यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो को मणि-कंचन योग जैसा बताया। उन्होंने कहा कि 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती है। दीनदयाल उपाध्याय ने मुक्त व्यापार और मुक्त खेती का विचार दिया था। शाह के मुताबिक, यही विचार आगे चलकर अटल बिहारी वाजपेयी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के व्यापार का आधार बना।
शाह ने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय के जीवन से दिशा मिलती है और आने वाले वर्षों में लाखों कार्यकर्ता उनके बताए रास्ते पर चलकर महान भारत के निर्माण में योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि 25 सितंबर 2026 को मेक इन इंडिया मिशन की घोषणा के 12 साल पूरे हो रहे हैं। शाह के मुताबिक, यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो मेक इन इंडिया के रास्ते को आगे बढ़ाने वाला कार्यक्रम है।