UP Monsoon 2024: मौसम विभाग की नई भविष्यवाणी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में 25 जून को मानसून दस्तक दे सकता है।
UP Monsoon Update 2024: गर्मी से परेशान लोगों के लिए मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है। धूप और उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को अब जल्द ही मानसून की बारिश देखने को मिलेगी। शनिवार को भी आसमान में छाए बादल झमाझम बारिश से लोगों को राहत दे गए।
मौसम विभाग की लेटेस्ट रिपोर्ट के मुताबिक, आज यानी पूर्वी यूपी के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ मेघ गर्जन की संभावना है। पश्चिमी यूपी में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान प्रदेश में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। 24 जून को भी प्रदेश में आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग की लेटेस्ट रिपोर्ट के मुताबिक, 25 जून को मानसून प्रदेश में एंट्री ले सकता है। मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश और आसपास पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इससे अगले पांच दिनों में गरज और तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है। बंगाल की खाड़ी से निचले स्तर पर पूर्वी हवाएं भी चल रही हैं। इसके प्रभाव से उत्तराखंड और पूर्वी यूपी में अगले सात दिनों तक छिटपुट बारिश की संभावना है। उत्तराखंड के कुछ इलाकों में 23-25 जून तक और पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में 24 और 25 जून को भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश में येलो अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में बिजनौर, हाथरस, मुरादाबाद, रामपुर, बदायूं, बुलन्दशहर, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, अलीगढ, कांशीराम नगर, बरेली, रामपुर, पीलीभीत, शाहजहांपुर, खीरी, मैनपुरी, इटावा, कन्नौज, कानपुर, ललितपुर, हमीरपुर, कानपुर देहात और कानपुर समेत 53 जिलों में आंधी के साथ बारिश का अलर्ट जारी है।