14 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

यूपी में मौसम का कहर: आंधी-बारिश ने ली 94 जानें, इन 51 जिलों में बारिश- आंधी बिजली का अलर्ट, 2000 गांवों की बिजली गुल

Rain alert: यूपी में मौसम ने मचाई तबाही! आंधी-बारिश और बिजली गिरने से 94 लोगों की मौत हो गई। 2000 से अधिक गांवों की बिजली गुल हो गई। मौसम विभाग ने आज 51 जिलों में फिर तेज बारिश, तूफान और बिजली का अलर्ट जारी किया है। वहीं, अगले कुछ दिनों में तापमान 40 डिग्री पार पहुंचने और लू चलने की चेतावनी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

2 min read
Google source verification
सांकेतिक फाइल फोटो पत्रिका

सांकेतिक फाइल फोटो पत्रिका

उत्तर प्रदेश में आंधी, तेज बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं ने पिछले 24 घंटे में भारी तबाही मचाई है। अलग-अलग जिलों में कुल 94 लोगों की मौत हो गई। जबकि हजारों गांव अंधेरे में डूब गए। कई जगह पेड़, बिजली के खंभे और दीवारें गिरने से जनजीवन प्रभावित हुआ। मौसम साफ होते ही अब प्रदेश में गर्मी और लू का खतरा बढ़ने लगा है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान तेजी से बढ़ने की चेतावनी दी है। इसके साथ ही आज 51 जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश और बिजली के लिए अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तर प्रदेश में बुधवार को आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने व्यापक नुकसान पहुंचाया। खराब मौसम के कारण प्रदेश के कई जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटे में अलग-अलग हादसों में 94 लोगों की मौत हुई है। सबसे ज्यादा मौतें प्रयागराज और भदोही में दर्ज की गईं। जहां 17-17 लोगों ने जान गंवाई। मिर्जापुर में 15, फतेहपुर में 9 और उन्नाव व बदायूं में 6-6 लोगों की मौत हुई। बारिश और तेज हवाओं का असर बिजली व्यवस्था पर भी पड़ा। बाराबंकी, सीतापुर, देवरिया समेत कई जिलों के करीब 2000 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से सड़कें बाधित रहीं। दीवार गिरने और टीन शेड उड़ने की घटनाओं में कई लोग घायल भी हुए।

टिन शेड के साथ उड़ा व्यक्ति, 100 मीटर दूर खेत में जा गिरा

बरेली में तेज तूफान के दौरान एक हैरान करने वाली घटना सामने आई। लगभग 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी में टिन शेड के साथ एक 50 वर्षीय व्यक्ति हवा में उछल गया। वह करीब 100 मीटर दूर खेत में जा गिरा। जिससे उसका हाथ टूट गया। इलाज के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। प्रदेश के लगभग 30 जिलों में बारिश दर्ज की गई। मथुरा, प्रयागराज और उन्नाव में ओलावृष्टि भी हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, गुरुवार सुबह से मौसम साफ हो गया है। और धूप निकलने लगी है। लेकिन हवा में नमी होने के कारण उमस बनी हुई है।

कमजोर पड़ा वेस्टर्न डिस्टरबेंस, 19 मई तक 40 के आसपास पहुंच सकता तापमान

लखनऊ स्थित मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ अब कमजोर पड़ रहा है। इसके चलते आने वाले दिनों में तापमान तेजी से बढ़ेगा। 16 मई से बुंदेलखंड और दक्षिणी जिलों में लू चलने की संभावना जताई गई है। विभाग ने आज 51 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। जबकि 19 मई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंचने की आशंका है।

आज इन जिलों में बारिश- आंधी तूफान का अलर्ट

गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, फतेहपुर, प्रतापगढ़, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद् नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, कासगंज, एटा, मैनपुरी, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं।

बड़ी खबरें

View All

नोएडा

उत्तर प्रदेश

ट्रेंडिंग