
तीसरी मंजिल से प्रेमी जोड़े ने लगाई छलांग( AI PHOTO)
आपको बता दें कि यह पूरा मामला जिले के सेक्टर-24 थाना क्षेत्र का है। पुलिस और एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, यहां पर मंगलवार की रात मृतक युवक अपनी वर्तमान गर्लफ्रेंड के साथ अपनी पूर्व प्रेमिका चंचल राणा के घर गया था। मकसद था चंचल के पति हितेश राणा से पुराने विवाद को लेकर माफी मांगना। दरअसल, चंचल की शादी के बाद भी युवक उसके संपर्क में था, जिससे चंचल के वैवाहिक जीवन में तनाव पैदा हो गया था। इसी मुद्दे को सुलझाने के लिए वे देर रात उनके घर पहुंचे थे।
मुलाकात के दौरान बात सुलझने के बजाय और बिगड़ गई। हितेश राणा ने अपनी पत्नी चंचल के साथ मिलकर युवक और उसकी गर्लफ्रेंड पर हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक, दोनों को हॉकी स्टिक से बुरी तरह पीटा गया और घायल अवस्था में तीसरी मंजिल के एक कमरे में बाहर से ताला लगाकर बंद कर दिया गया। पूछताछ में हितेश ने कबूल किया कि अपनी पत्नी और मृतक के बीच लगातार बातचीत की जानकारी मिलने के बाद वह बेहद गुस्से में था, जिसके चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस को संदेह है कि कमरे में बंद होने और आगे और अधिक पिटाई होने के डर से प्रेमी जोड़े ने भागने का प्रयास किया होगा। इसी घबराहट में रात करीब 3 बजे दोनों ने खिड़की या बालकनी से नीचे छलांग लगा दी। जमीन पर गिरने से युवक को गंभीर चोटें आईं और अस्पताल ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया।
शुरुआत में चंचल और हितेश ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन उनके बयानों में विरोधाभास पाए जाने पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की। मामले की तह तक पहुंचने के बाद नोएडा पुलिस ने चंचल राणा और हितेश राणा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या के प्रयास और आत्महत्या के लिए उकसाने जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Updated on:
07 May 2026 01:05 pm
Published on:
07 May 2026 01:05 pm
