
नोएडा। यूपी का शो विंडो कहे जाने वाले हाईटेक सिटी नोएडा की पुलिस ने एक फ्लैट में छापेमारी कर 15 हाईप्रोफाइल जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 5 लग्जरी कार, 18 मंहगे मोबाइल हैंडसेट और सवा लाख रुपए कैश भी बरामद किया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक ये हाईप्रोफाइल जुए की महफिल में दूर-दूर से आए रईस घरों के लोग पहुंचकर लाखों रुपये के दांव लगाते हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक एक मुखबिर की सूचना के बाद पुलिस ने नोएडा के आम्रपाली सफायर के फ्लैट में चल रहे जुए में छापामार कार्रवाई की, जहां हाईप्रोफाइल जुआरी 15 से 20 लाख का जुआ कैश में खेलते हैं। बताया जाता है कैश कम पड़ने पर जुआरियों की हार जीत का फैसला ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के द्वारा भी किया जाता था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उन्हें आम्रपाली सफायर के फ्लैट नंबर पी-1406 में जुए की महफिल सजने की सूचना मिली थी। जिसके बाद फ्लैट में छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से जुआरियों को जुआ खेलते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। साथ ही मौके से 5 लग्जरी गाड़ियां भी बरामद की गईं। जिनमें बीएमडब्यू, होंडा सिटी, शैवरले क्रूज, होंडा सिटी, मारुति इग्निश जैसी गाड़ियां शामिल हैं। इसके अलावा 18 महंगे मोबाइल हैंडसेट के साथ सवा लाख रुपए कैश भी बरामद किया गया।
यह भी देखें-मुस्लिम महिलाओं के वेक्स करने पर फतवा
पुलिस ने बताया कि छापेमारी से पहले फ्लैट पर कुल 14 लाख रुपये का जुआ खेला जा चुका था। पुलिस के मुताबिक गाजियाबाद निवासी पुनीत गोस्वामी नामक शख्स ने आम्रपाली सफायर के फ्लैट नंबर पी-1406 को किराए लेने के बाद लंबे समय से जुए का धंधा चला रहा था। गिरफ्तार हाईप्रोफाइल जुआरियों में डॉक्टर और बिल्डर के अलावा दिल्ली-एनसीआर के बड़े व्यापारियों के बिगड़ैल बेटे भी पहुंचते थे। सूत्रों की मानें तो गिरफ्तार लोगों में कई पुलिस अधिकारियों के बच्चे भी शामिल हैं। फिलहाल पुलिस ने कानूनी कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को जेल भेज दिया है। साथ ही पुलिस अब यह पता लगाने में जुट गई है कि इन लोगों के तार कहां-कहां तक जुड़े हुए हैं।