
UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में पिछले दिनों हुई तेज बारिश के बाद अब मौसम कुछ शांत होता दिखाई दे रहा है। हालांकि कई जिलों में हल्की बारिश और बादलों की आवाजाही बनी हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों तक प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं 27 जुलाई से मानसून दोबारा सक्रिय होने के संकेत हैं। जिसके चलते कई क्षेत्रों में फिर से अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है।
मानसून की रफ्तार फिलहाल कुछ धीमी पड़ गई है। पिछले कई दिनों तक लगातार हुई बारिश के बाद अब अधिकांश जिलों में मौसम सामान्य होता नजर आ रहा है। हालांकि प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्की बारिश और बादलों का असर अभी भी बना हुआ है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि करीब 54 शहरों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। इसके चलते लोगों को उमस से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। पूर्वी यूपी के गोंडा, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती सहित आसपास के जिलों में गुरुवार और शुक्रवार की सुबह बादलों के आने-जाने का खेल चलता रहा। उमस भरी गर्मी से लोग एक बार फिर बहाल हुए। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक गुरुवार को प्रदेश के कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। इटावा में सबसे अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा हमीरपुर, सुलतानपुर और कानपुर सहित कई जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल मानसून की मुख्य गतिविधियां उत्तर प्रदेश से कुछ हद तक दूर होकर पश्चिम और मध्य भारत की ओर केंद्रित हो गई हैं। साथ ही बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र भी कमजोर पड़ गया है। इसी वजह से अगले दो से तीन दिनों तक प्रदेश में भारी बारिश की संभावना कम दिखाई दे रही है।
हालांकि मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि 26 और 27 जुलाई के आसपास मानसून फिर से ताकत पकड़ सकता है। इसके बाद प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। कुछ जिलों में भारी बारिश भी देखने को मिल सकती है। ऐसे में किसानों, यात्रियों और आम लोगों को मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों और पूर्वानुमानों पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है। आने वाले दिनों में मौसम एक बार फिर तेजी से बदल सकता है।
गोंडा, बाराबंकी, अयोध्या, बस्ती, अंबेडकर नगर, गोरखपुर, आजमगढ़, बलिया, गाजीपुर, झांसी, महोबा, चित्रकूट,हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, मुरादाबाद, अमरोहा, रामपुर, संभल, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, बदायूं, बरेली, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, शामली, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद शामिल है।