नोएडा

उत्‍तर प्रदेश में एनकाउंटर के नाम पर दरोगा ने जिम संचालक को मारी गोली, हालत गंभीर

चार दोस्तों के साथ स्काॅर्पियो से बहरामपुर से बहन की सगाई कर लौट रहे जितेंद्र यादव पर चलाई गोली

2 min read
Feb 04, 2018
noida

नोएडा। उत्‍तर प्रदेश में पुलिस एक के बाद एक ताबड़तोड़ एनकांउटर कर रही है। वहीं कुछ मामलों में पुलिस पर सवाल भी उठने लगे हैं। नोएडा में ऐसा एक मामला सामने आया है, जिसमें पुलिसकर्मी पर फर्जी एनकाउंटर के नाम पर गोली मारने का आरोप लगा है। एसएसपी इस मामले में जांच की बात कर रहे हैं। पीड़ि‍त जिम चलाता है और उसके खिलाफ कोई आपरा‍धिक रिकॉर्ड नहीं है।

बहन की सगाई से लौट रहा था जितेंद्र यादव

शनिवार रात को चार दोस्तों के साथ स्काॅर्पियो से बहरामपुर से बहन की सगाई कर लौट रहे जितेंद्र यादव उर्फ डंबर को नोएडा के सेक्टर-122 स्थिति सीएनजी पर विजयदर्शन नाम के एक पुलिसकर्मी ने गोली मार दी। बताया जा रहा है कि कहासुनी के बाद पुलिसकर्मी ने उसे गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल को नोएडा के फोर्टिस में भर्ती कराया गया है। जितेंद्र यादव के अन्य साथी गायब बताए जा रहे हैं।

कहासुनी के बाद मारी गोली

फोर्टिस में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे जितेंद्र यादव को सेक्टर-122 स्थित सीएनजी पर कहासुनी के बाद दरोगा विजयदर्शन ने गोली मार दी। पीड़ित परिवार का आरोप है कि रात को लगभग 10 बजे जब ये बहरामपुर से बहन की सगाई कर लौट रहे, तभी नशे मे धुत विजयदर्शन ने उनका फर्जी एनकाउंटर करने की थी। आरोप है कि बाकी साथियों को पुलिस ने गायब कर दिया।

पर्थला गांव में चलाता है जिम

परिजनों का कहना है कि जितेंद्र सेक्‍टर-122 में स्थित पर्थला गांव में जिम चलाता है। उनका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। परिवार वालों का कहना है की गोली गले में लगी है और रीढ़ की हड्डी में अटक गई है। वहीं, मौके पर पहुंचे डीआईजी लव कुमार मामले की निष्पक्ष जांच की बात कह रहे है। उनका कहना है कि परिवारवालों से तहरीर लेकर इस मामले को दर्ज कर जांच की जाएगी। दोषी पाए जाने पर आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

Published on:
04 Feb 2018 10:18 am