नोएडा

नोएडा से यूपी जाने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी… मनपंसद सीट बुक करें और लें सफर का मजा

UPSRTC: नोएडा डिपो से चलने वाली लंबी दूरी की बसों में ऑनलाइन टिकट बुकिंग शुरू हो गई है, जिससे आगरा, लखनऊ, बरेली समेत कई शहरों के लिए यात्रा करना अब और आसान हो गया है।

2 min read
Feb 07, 2026

UPSRTC: नोएडा डिपो से चलने वाली लंबी दूरी की सभी बसों में ऑनलाइन टिकट बुकिंग शुरू कर दी गई है। इनमें आगरा, अलीगढ़, लखनऊ, बरेली, बदायूं, कासगंज और एटा समेत अन्य शहरों के लिए चलने वाली बसें शामिल हैं। इन बसों के अधिक से अधिक टिकट ऑनलाइन बुक हों, इसके लिए यात्रियों को इसकी जानकारी दी जा रही है।

आपको बता दें कि नोएडा डिपो में कुल 188 बसें हैं। इनमें कुछ बसें साधारण हैं और कुछ सीएनजी से चलती हैं। डिपो की अपनी कोई एसी बस नहीं है। हालांकि, दूसरे डिपो की एसी बसें नोएडा डिपो से होकर गुजरती हैं। इनमें लखनऊ, गोरखपुर और अन्य शहरों के लिए चलने वाली बसें शामिल हैं। नोएडा डिपो के अधिकारियों का कहना है कि गांव और स्थानीय इलाकों में चलने वाली बसों में ऑनलाइन टिकट जैसी सुविधा लागू करना मुश्किल है। इसलिए इन बसों में ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा नहीं दी गई है। इसके अलावा, सभी 107 लंबी दूरी की बसों में ऑनलाइन टिकट बुक किए जा सकते हैं। यूपी परिवहन निगम, गौतमबुद्ध नगर के क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार ने बताया कि ऑनलाइन टिकट बुकिंग से समय की बचत होती है। किसी भी जगह से बस बुक करने और मनपसंद सीट चुनने में भी आसानी होती है। उन्होंने बताया कि यात्रियों को अधिक से अधिक ऑनलाइन टिकट बुक करने के लिए प्रेरित करने हेतु बस चालकों और परिचालकों को भी इसकी जानकारी दी जाएगी।

ये भी पढ़ें

3 बहनें एक साथ नहीं कूद सकती…कूदीं या धक्का दिया गया? पूछताछ में पिता का अलग-अलग बयान, पकड़ा गया एक और झूठ

ऐसे बुक करें मनपसंद सीट

सरकारी बसों में ऑनलाइन टिकट बुक करने के लिए यूपीएसआरटीसी की आधिकारिक वेबसाइट www.upsrtc.up.gov.in
पर जाकर आसानी से टिकट बुक किया जा सकता है। यात्री यहां आवश्यक विवरण भरकर टिकट ले सकते हैं और यात्रा के दौरान मोबाइल पर टिकट दिखाकर सफर कर सकते हैं।

नोएडा डिपो को मिलेंगी नई बसें

अधिकारियों के अनुसार, नोएडा डिपो को जल्द नई बसें मिलने वाली हैं, जिनमें दोनों प्रकार की बसें शामिल होंगी। मुख्यालय की ओर से बसों से जुड़ी आवश्यक जानकारी मांगी गई थी, जिसे भेज दिया गया है। डिपो को तीन डबल डेकर बसें मिल चुकी हैं। इन बसों को होली के बाद रूट पर उतारने की तैयारी पूरी कर ली गई है। बसों के रूट और किराए को लेकर मंथन चल रहा है, जिसे एक-दो दिन में अंतिम रूप दे दिया जाएगा।

कितने यात्रियों को होगा फायदा

अधिकारियों के मुताबिक, रोडवेज बसों में ऑनलाइन टिकट बुक करने वाले यात्रियों की संख्या फिलहाल कम है। यह सामान्य दिनों में करीब पांच से सात फीसदी रहती है, जबकि त्योहारों के दौरान यह आंकड़ा दस फीसदी तक पहुंच जाता है। वहीं, दूसरे डिपो से नोएडा होकर गुजरने वाली निजी बसों में अधिकांश यात्री ऑनलाइन टिकट ही बुक कराते हैं।

ये भी पढ़ें

नोएडा में दिखेगा केदारनाथ मंदिर का दिव्य दृश्य, जानें टिकट की कीमत और शो की खास बातें…युवाओं के लिए क्या है खास?

Updated on:
07 Feb 2026 05:50 pm
Published on:
07 Feb 2026 05:47 pm
Also Read
View All

अगली खबर