
नोएडा. अपने आंदोलनों से देश को झकझोर देने वाले समाजसेवी अन्ना हजारे अपने पांच विचारों को ही अपनी पूंजी मानते हैं। ये विचार हैं शुद्ध आचार, शुद्ध विचार, निष्कलंक जीवन, अपमान सहने की शक्ति और त्याग। लेकिन, ग्रेटर नोएडा के बील अकबरपुर गांव में अन्ना हजारे की जनसभा में जमकर अश्लील और भौंडा डांस किया गया। इतना ही नहीं डांस कर रही इन लड़कियों पर लोग नोट लुटाते भी नजर आए। हालांकि इस दौरान अन्ना हजारे मौजूद नहीं थे वे ये दृश्य देखने से पहले ही चले गए थे।
यह भी पढ़ें- तापसी पन्नू ने कहा- वेलेंटाइन डे पर अपने चाहने वालों को देंगे ये गिफ्ट तो हमेशा रहेंगे खुश
दरअसल, ग्रेटर नोएडा के बील अकबरपुर गांव में रविवार को देश के वरिष्ठ समाजसेवी अन्ना हजारे की एक जनसभा का आयोजन किया गया। इस मौके पर अन्ना हजारे ने लोगों से 23 मार्च को दिल्ली में होने वाले सत्याग्रह के लिए सहयोग देने की अपील की। इसके साथ ही अन्ना ने यहां के किसानों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी करने के बाद वह सरकार को पत्र लिखकर उन समस्याओं के निवारण की अपील करेंगे।
बड़ी बात ये है कि जैसे ही अन्ना हजारे इस जनसभा को संबोधित करके गए तो यहां अन्ना हजारे के विचारों को तिलांजलि दे दी गई। उनकी जाते ही मंच पर अश्लील और भौंडे नृत्य के साथ जिस्म कि नुमाइश की गई। यहां जमकर लड़कियों से अश्लील और भौंडा डांस कराया गया और लोग उन पर नोट उड़ाते नजर आए। अब आयोजक चाहे जो भी कहें, लेकिन भीड़ जुटाने के लिए डांस बालाओं का अश्लील डांस कार्यक्रम के अंत में इसलिए रखा गया था, ताकि भीड़ मौके पर जुटी रहे।