नोएडा

मौसम विभाग ने दी बड़ी खुशखबरी, इस तारीख से प्रदूषण से मिल जाएगी निजात

गाजियाबाद में एक्यूआई 1563 तक पहुंचा नोएडा में एक्यूआई 1600 पर रहा 5 नवंबर तक गाजियाबाद और नोएडा में स्कूल बंद
2 min read
• •
Updated: 3 Nov 2019, 8:10 PM IST
antipollutionmask_8704.jpg

मेरठ. दिल्ली-एनसीआर (Delhi NCR) और वेस्ट यूपी में जारी दम घोंटने वाले प्रदूषण के बीच मौसम वैज्ञानिकों ने अच्छी खबर दी है। मौसम वैज्ञानिकों ने अगले 24 घंटे में वायु प्रदूषण (Air Pollution) में सुधार की संभावना जताई है। मोदीपुरम स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डा. यूपी शाही का कहना है कि हिमालय क्षेत्र में पश्चिम विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसकी तीव्रता कम रहेगी, लेकिन इससे हवाओं की रफ्तार बढ़ेगी और वायु प्रदूषण में राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि पश्चिम विक्षोभ के कारण वेस्ट यूपी के कुछ जनपदों और एनसीआर में 7 और 8 नवंबर को बारिश की संभावना बन रही हैं। पिछले 24 घंटे की बात करें तो वेस्ट यूपी के कई जनपदों में वायु प्रदूषण का असर ज्यादा रहा।

दिल्‍ली-एनसीआर में प्रदूषण का स्‍तर जानलेवा हो चुका है। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद का एयर क्वॉलिटी इंडेक्स (AQI) रविवार को दोपहर के वक्त 1500 के पार पहुंच गया। सुबह हुई बूंदाबांदी भी प्रदूषण के स्तर को कम नहीं कर पाईं। कुछ ऐसा ही हाल नोएडा के भी रहे। यहां भी एक्यूआई 1500 के पार पहुंच गया। प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए गाजियाबाद के डीएम ने जिले के स्कूलों को 5 नवंबर तक बंद रखने के आदेश दिए हैं। शनिवार शाम और रविवार सुबह हुई बारिश के बावजूद रविवार को प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ गया। रविवार दोपहर को गाजियाबाद का एक्यूआई 1563 रहा। वहीं, नोएडा का एक्यूआई तो 1600 रहा।

गौतम बुद्ध नगर डीएम ने तो सुबह ही नोएडा और ग्रेटर नोएडा के 12वीं तक के स्कूलों को 5 नवंबर तक बंद करने का आदेश जारी कर दिया था। इसके बाद गाजियाबाद के डीएम ने भी जनपद के सभी स्कूलों को 4 और 5 नवंबर को बंद करने का आदेश दे दिया। इसको लेकर डीएम की तरफ से एक लेटर जारी किया है। रविवार सुबह प्रदूषण में मामूली गिरावट दर्ज की गई, लेकिन दो पहर होते होते प्रदूषण और बढ़ गया। नोएडा और गाजियाबाद में घनी धुंध छाई रही। सूत्रों के हवाले से खबर है कि कम दृश्यता की वजह से हिंडन एयरपोर्ट से पिथौरागढ़ जाने वाली फ्लाइट रविवार को कैंसल कर दी गई है। सोमवार को भी इसके बहाल होने की संभावना कम है। प्रदूषण बढऩे की वजह से लोगों को श्वास लेने में दिक्कत के साथ ही आंखों में जलन की भी काफी शिकायत देखी गई।

Published on: