Dead Rat Complaint Police: नोएडा की जेपी कॉसमॉस सोसाइटी में रहने वाली एक महिला पड़ोसी पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए मरे हुए चूहे को पॉलिथीन में पैक कर सेक्टर-129 पुलिस चौकी पहुंच गई। इस अनोखे मामले को लेकर सोसाइटी के ग्रुप्स पर 'रैट वॉर' की चर्चा छिड़ गई है।
Noida Society Rat War:दिल्ली-एनसीआर की हाईराइज सोसायटियों से अक्सर पार्किंग, लिफ्ट और गार्ड्स के साथ मारपीट के अजीबोगरीब विवाद सामने आते रहते हैं। लेकिन इस बार नोएडा के एक्सप्रेसवे थाना क्षेत्र में पड़ोसियों के बीच की तनातनी का एक ऐसा अनोखा और अतरंगी मामला सामने आया है, जिसने पुलिस प्रशासन के भी होश उड़ा दिए। शनिवार को एक महिला इंसाफ की गुहार लगाने के लिए सीधे पुलिस चौकी पहुंच गई, लेकिन चौंकाने वाली बात यह थी कि उसके हाथ में कोई लिखित शिकायत नहीं, बल्कि सबूत के तौर पर एक 'मरा हुआ चूहा' था।
यह पूरा वाकया सेक्टर-134 स्थित जेपी कॉसमॉस सोसाइटी (Jaypee Kosmos Society) का है। यहां रहने वाली तमन्ना नाम की एक महिला अपने पड़ोसियों की हरकतों से इस कदर तंग आ गई कि वह सीधे सेक्टर-129 पुलिस चौकी जा पहुंची। महिला ने गुस्से में मरे हुए चूहे को टिशू पेपर और पॉलिथीन में अच्छी तरह पैक कर रखा था। थाने पहुंचते ही उसने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के सामने उस मरे हुए चूहे को रखते हुए कहा, "यही है मेरे पड़ोसी की करतूत का असली सबूत।" एक पल के लिए वहां मौजूद पुलिसकर्मी भी बिल्कुल सन्न रह गए। थाने में आए अन्य लोग भी हैरानी से कभी महिला को तो कभी पॉलिथीन में बंद उस 'सबूत' को देखने लगे।
महिला का आरोप है कि उसका पड़ोसी पिछले कई दिनों से उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने की कोशिश कर रहा है। वह आए दिन उसके फ्लैट के मुख्य दरवाजे के बाहर मरे हुए चूहे फेंक देता है। शुरुआत में महिला ने इसे इत्तेफाक समझकर नजरअंदाज किया, लेकिन जब यह हरकत बार-बार दोहराई जाने लगी, तो उसका सब्र का बांध टूट गया। महिला ने खुद को 'एनिमल लवर' (पशु प्रेमी) बताते हुए कहा कि बेजुबान जानवरों को इस तरह मारकर फेंकना बेहद क्रूर और अमानवीय है।
महिला की पूरी आपबीती सुनने के बाद एक्सप्रेसवे थाना पुलिस ने उसे काफी समझाया-बुझाया। पुलिसकर्मियों ने गंभीरता दिखाते हुए महिला से कहा कि किसी भी कानूनी कार्रवाई के लिए लिखित शिकायत देना अनिवार्य होगा, हालांकि महिला ने कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई और केवल मौखिक विरोध दर्ज कराया। इस दौरान थाने में मौजूद कुछ पुलिसकर्मी अंदर ही अंदर इस अनोखे केस पर अपनी मुस्कान भी नहीं रोक पाए।
उधर, जैसे ही यह खबर जेपी कॉसमॉस सोसाइटी के निवासी ग्रुप्स तक पहुंची, तो फ्लैट मालिकों के व्हाट्सऐप ग्रुप पर संदेशों की बाढ़ आ गई। सोसाइटी के लोगों ने मजाकिया अंदाज में इसे 'रैट वॉर' (चूहा युद्ध) का नाम दे दिया है। लोग कमेंट कर रहे हैं कि अब सोसाइटी में इंसानों के मुद्दों से ज्यादा 'चूहे' चर्चा का केंद्र बन गए हैं।