
Asian Games 2026 Badminton: भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम को इचिनोमिया सिटी म्यूनिसिपल जिम्नेजियम में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में चीन के हाथों 1-3 से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ भारतीय टीम को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। एशियन गेम्स के इतिहास में भारतीय पुरुष टीम द्वारा जीता गया यह दूसरा पदक है। इससे पहले सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय पुरुष युगल जोड़ी ने एशियन गेम्स 2023 में मेंस डबल्स में गोल्ड मेडल जीता था।
स्टार भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन पहले एकल मुकाबले में पूर्व विश्व चैंपियन शी यूकी के सामने थे। यह मुकाबला लंबा और थकाऊ रहा, लेकिन भारतीय खिलाड़ी बढ़त बरकरार नहीं रख सके। नतीजतन, लक्ष्य सेन को 16-21, 18-21 से हार का सामना करना पड़ा।
एकल मुकाबले में लक्ष्य सेन की हार के बाद सभी की नजरें सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय पुरुष युगल जोड़ी पर टिक गईं। इस जोड़ी ने निराश नहीं किया। सात्विक-चिराग की जोड़ी ने चीनी प्रतिद्वंद्वी लियांग वेइकेंग और वांग चांग को सीधे गेमों में 21-11, 22-20 से हराकर भारत को मुकाबले में बराबरी पर ला दिया।
भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी आयुष शेट्टी को चीन के ली शीफेंग से कड़ी चुनौती मिली। आयुष ने पहले गेम में अपने प्रतिद्वंद्वी को कड़ी टक्कर दी, लेकिन उनका प्रयास जीत के लिए पर्याप्त नहीं था। इस तरह आयुष शेट्टी को ली शीफेंग के हाथों 21-19, 21-13 से हार का सामना करना पड़ा और चीन ने एक बार फिर बढ़त बना ली।
भारतीय पुरुष युगल खिलाड़ी एमआर अर्जुन और हरिहरन अम्साकरुणन को निर्णायक मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। चीन की हे जी टिंग और लियू यी की जोड़ी ने भारतीय जोड़ी को 16-21, 21-17, 9-21 से हराया। इस तरह चीन ने भारत को सेमीफाइनल मुकाबले में 3-1 से हरा दिया। इससे पहले भारतीय महिला बैडमिंटन टीम भी जापान के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में 1-3 से हारकर पदक की दौड़ से बाहर हो गई थी।भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम का कांस्य पदक पक्का होने के बाद अब भारतीय खिलाड़ी व्यक्तिगत स्पर्धाओं में अपना ध्यान केंद्रित करेंगे।