अन्य खेल

ब्रॉन्ज जीतकर जोशना-वेलावन ने बढ़ाया भारत का मान, तमिलनाडु सरकार ने 30-30 लाख रुपए के पुरस्कार का किया ऐलान

Joshna Chinappa-Velavan Senthilkumar Asian Games bronze: एशियन गेम्स 2026 में जोशना चिनप्पा और वेलावन सेंथिलकुमार ने स्क्वैश मिश्रित युगल में ब्रॉन्ज मेडल जीता। तमिलनाडु सरकार ने दोनों खिलाड़ियों को 30-30 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि देने का ऐलान किया।
2 min read
• •
Sep 26, 2026
Asian Games 2026
जोशना चिनप्पा और वेलावन सेंथिलकुमार (Photo- IANS)

Joshna Chinappa-Velavan Senthilkumar: भारतीय स्क्वैश की मिश्रित युगल जोड़ी जोशना चिनप्पा और वेलावन सेंथिलकुमार ने शनिवार को जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियाई खेल 2026 में ब्रॉन्ज मेडल जीता। सेमीफाइनल में इस भारतीय जोड़ी को हांगकांग चीन की ली का यी और टैंग मिंग होंग के हाथों 1-2 (10-11, 11-2, 10-11) से हार का सामना करना पड़ा। जोशना चिनप्पा और वेलावन सेंथिलकुमार के ब्रॉन्ज मेडल जीतने के बाद तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने दोनों खिलाड़ियों के लिए 30-30 लाख रुपए के नकद पुरस्कार की घोषणा की।

इस संबंध में राज्य सरकार ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल @CMOTamilNadu पर लिखा, 'जापान में आयोजित हो रहे एशियाई खेलों में स्क्वैश की मिश्रित युगल (मिक्स्ड डबल्स) स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर भारत और तमिलनाडु का गौरव बढ़ाने वाले स्क्वैश खिलाड़ियों जोशना चिनप्पा और वेलावन सेंथिलकुमार को मेरी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। इन खिलाड़ियों की शानदार उपलब्धि की सराहना करते हुए तमिलनाडु सरकार की ओर से दोनों खिलाड़ियों को 30-30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। उनकी यह सफलता तमिलनाडु की युवा पीढ़ी के खिलाड़ियों को नई प्रेरणा और आत्मविश्वास देगी। तमिलनाडु सरकार जोशना और वेलावन जैसे प्रतिभाशाली सभी खिलाड़ियों के साथ हमेशा मजबूती से खड़ी रहेगी। मैं कामना करता हूं कि वे भविष्य में भी कई और उपलब्धियां हासिल करें और देश व राज्य का नाम रोशन करें।'

आपको बता दें कि इससे पहले तमिलनाडु सरकार ने एथलीट बरानिका इलांगोवन, बैडमिंटन खिलाड़ी ए. हरिहरन, क्रिकेटर जी कमलिनी और रिले धावकों विशाल टीके तथा विथ्या रामराज के लिए भी नकद पुरस्कार की घोषणा कर चुके हैं।

फाइनल का सपना टूटा

भारत की मिश्रित युगल स्क्वैश जोड़ी जोशना चिनप्पा और वेलवन सेंथिलकुमार को सेमीफाइनल में चीन की ली का यी और तांग मिंग होंग के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ ही भारतीय जोड़ी के फाइनल में पहुंचने का सपना टूट गया। यह जोशना चिनप्पा का छठा एशियन गेम्स मेडल है। इससे पहले यह अनुभवी खिलाड़ी तीन ब्रॉन्ज और दो सिल्वर मेडल जीत चुकी हैं। जोशन चिनप्पा सिंगल्स इवेंट का हिस्सा नहीं हैं। भारत ने सिंगल्स कैटेगरी में अनाहत सिंह और तन्वी खन्ना को उतारा है

Updated on:
26 Sept 2026 01:19 pm
Published on:
26 Sept 2026 12:49 pm